बरहेट में पशु तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, क्रूरता पूर्वक ले जाए जा रहे 12 बैल बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।
गौवंशीय पशुओं को एक ही रस्सी में बांधकर मारते-पीटते ले जा रहे थे आरोपी, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई; बरहेट थाना में चार नामजद आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज।

बरहेट साहिबगंज। पशुओं के प्रति क्रूरता एवं गौवंशीय पशुओं की अवैध तस्करी के खिलाफ बरहेट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 बैलों को बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी बैलों को एक ही रस्सी में क्रूरता पूर्वक बांधकर मारते-पीटते हुए ले जाया जा रहा था। पशुओं से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने उन्हें विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 04.11.2026 को रात्रि करीब 3:30 बजे गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति करीब 12 बैलों को क्रूरता पूर्वक मारते-पीटते हुए पशु वध के उद्देश्य से बरहेट थाना क्षेत्र से होकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वरीय पदाधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। उनके निर्देशानुसार पुलिस टीम सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई करने के लिए सादे तलबड़िया पहुंची।
मौके पर पुलिस ने देखा कि 12 बैलों को एक ही रस्सी में बांधकर बेरहमी से मारते-पीटते हुए ले जाया जा रहा है। पुलिस बल को अपनी ओर आते देख दोनों व्यक्ति भागने लगे। इसके बाद सशस्त्र पुलिस बल के सहयोग से पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसीम हुसैन 35 वर्ष, पिता खलील अंसारी, निवासी गौरीपुर कपसाटोला, थाना पोड़ैयाहाट, जिला गोड्डा तथा सूरजा पहाड़िया 50 वर्ष, पिता स्वर्गीय अड़िया पहाड़िया, निवासी धरमपुर मोड़, थाना लिट्टीपाड़ा, जिला पाकुड़ के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से बरामद 12 बैलों के परिवहन एवं स्वामित्व से संबंधित वैध कागजात की मांग की गई, लेकिन वे कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि सभी गौवंशीय पशुओं को गोड्डा से जामनगर होते हुए राजमहल ले जाया जा रहा था।
इसके बाद पुलिस ने सभी 12 बैलों की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में कुल चार प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध बरहेट थाना कांड संख्या 132/2026, दिनांक 04.11.2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 317(5)/3(5), पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1) तथा झारखंड गोवंशीय पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 की धारा 5/12(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में बोरियो पुलिस निरीक्षक प्रभाग नुनुदेव राय, बरहेट थाना बिट्टू कुमार साहा, चंदन कुमार, अनुसंधानकर्ता प्रमोद कुमार गुप्ता सहित बरहेट थाना के सशस्त्र बल एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।




