झारखंड

एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी सुविधाओं से जोड़ने के लिए जागरूकता-सह-पहुंच कार्यक्रम आयोजित।

सिंगल विंडो प्रणाली को सुदृढ़ बनाने पर जोर, MSME समाधान, MSEFC एवं TReDS पोर्टल की आवेदन प्रक्रिया और लाभों की दी गई विस्तृत जानकारी।

साहिबगंज। जिले में उद्यमिता विकास, औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों MSME को सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं से जोड़ने के उद्देश्य से उद्योग विभाग के तत्वावधान में जागरूकता-सह-पहुंच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिला स्तर पर सिंगल विंडो प्रणाली को सुदृढ़ बनाना तथा वर्तमान एवं भावी उद्यमियों को सरकारी सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।

यह कार्यक्रम Project XII – Awareness Creation-Cum-Outreach Programmes for Single Window Strengthening Programme तथा Project XIX – Awareness Creation Programmes for Existing and Aspiring MSMEs at District Level के अंतर्गत आयोजित किया गया। इस दौरान उद्यमियों को उद्योग स्थापना से संबंधित प्रक्रियाओं को सरल बनाने, विभिन्न विभागों से आवश्यक अनुमतियां प्राप्त करने तथा सिंगल विंडो प्रणाली के माध्यम से उपलब्ध सेवाओं का लाभ उठाने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में MSME Samadhan ODR, MSEFC एवं TReDS पोर्टल की कार्यप्रणाली, आवेदन प्रक्रिया और उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक बताया गया। विशेष रूप से सूक्ष्म एवं लघु उद्यमों को विलंबित भुगतान की समस्या से निपटने, ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने तथा संबंधित संस्थागत व्यवस्था के माध्यम से समाधान प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके साथ ही प्रतिभागियों को पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने और डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। अधिकारियों ने उद्यमियों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें सरकार की ओर से उपलब्ध योजनाओं और सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उद्यमियों से अपने व्यवसाय को औपचारिक स्वरूप देने, डिजिटल माध्यमों को अपनाने तथा सरकारी योजनाओं से जुड़कर अपने कारोबार का विस्तार करने की अपील की गई। कार्यक्रम के माध्यम से जिले में उद्यमिता की संस्कृति को बढ़ावा देने, एमएसएमई इकाइयों को सशक्त बनाने और साहिबगंज में औद्योगिक विकास के साथ स्वरोजगार के नए अवसर सृजित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र, साहिबगंज के महाप्रबंधक राजेन्द्र प्रसाद, जिला अग्रणी प्रबंधक, ईस्टर्न झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष, चन्द्रशेखर शर्मा, जिला उद्योग केंद्र के ईओडीबी प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!