झारखंड

साहिबगंज के सत्यम कुमार का हरियाणा के भिवानी स्थित साईं कुश्ती केंद्र में चयन।

खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र, साहिबगंज के प्रशिक्षु सत्यम अब निःशुल्क आवासीय सुविधा के साथ करेंगे कुश्ती का अभ्यास, जिले के खेल जगत में खुशी की लहर।

साहिबगंज: जिले के उभरते कुश्ती खिलाड़ी सत्यम कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुरानी साहिबगंज निवासी सत्यम कुमार का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण साईं, नई दिल्ली के अधीन हरियाणा के भिवानी में संचालित आवासीय बालक कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र के लिए अंतिम रूप से किया गया है। चयन के बाद सत्यम कुमार प्रशिक्षण के लिए हरियाणा के भिवानी रवाना हो गए हैं।

गौरतलब है कि सत्यम कुमार खेल विभाग द्वारा चांद भैरव इनडोर स्टेडियम, साहिबगंज में संचालित खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र के प्रशिक्षु रहे हैं। उन्होंने यहां कुश्ती कोच प्रकाश सिंह बादल के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त किया। अब भिवानी स्थित साईं कुश्ती केंद्र में उन्हें निःशुल्क आवासीय सुविधा के साथ उच्चस्तरीय प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। इससे उनकी खेल प्रतिभा को और निखारने तथा भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

उल्लेखनीय है कि साहिबगंज के खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर पूर्व में भी कई खिलाड़ियों का चयन जे.एस.एस.पी.एस. अकादमी, रांची एवं सेंटर ऑफ एक्सीलेंस कुश्ती केंद्र, रांची के लिए हो चुका है। सत्यम कुमार का भिवानी स्थित साईं कुश्ती केंद्र के लिए चयन जिले में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे प्रोत्साहन और बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था का प्रमाण है।

सत्यम की इस उपलब्धि पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार सहित साहिबगंज जिला ओलंपिक संघ, जिला कुश्ती संघ एवं जिले के खेल प्रेमियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है। सभी ने सत्यम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से साहिबगंज और झारखंड का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!