झारखंड

जेटेट-2026 को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, उपायुक्त ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण।

01 नवंबर को जिले के 30 केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा, सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का लिया जायजा; सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को मिलेगा प्रवेश।

पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के सफल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आगामी 01 नवंबर को जिले के 30 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मेघा भारद्वाज ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती भी मौजूद रहीं।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मॉडल कॉलेज, पाकुड़, महिला कॉलेज एवं पीएम मध्य विद्यालय, धनुषपूजा स्थित परीक्षा केंद्रों का जायजा लिया। उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा जारी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एवं निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार की गई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे, डिस्प्ले मॉनिटर, प्रकाश व्यवस्था, परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था तथा आवश्यक संकेतक की उपलब्धता की जांच की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह कार्यशील रहें तथा उनकी कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक परीक्षा कक्ष की गतिविधियां डिस्प्ले मॉनिटर पर स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। निगरानी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या नहीं होनी चाहिए। साथ ही परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय, पर्याप्त रोशनी एवं अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक परीक्षार्थी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत सघन जांच (फ्रिस्किंग) की जाए। इसके अलावा परिषद द्वारा जारी एसओपी एवं चेकलिस्ट के सभी बिंदुओं का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का पुनः सत्यापन करने तथा पूरी परीक्षा अवधि के दौरान सतत निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया।

जिला प्रशासन ने भरोसा जताया है कि सभी आवश्यक तैयारियों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 का संचालन शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!