राजमहल प्रखंड की पंचायतों में ग्राम सभाओं का आयोजन, आवास योजना की ड्राफ्ट वेटिंग लिस्ट पर हुई चर्चा।
आवास पल्स 2024 सर्वे के तहत लाभुकों की सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में गुरुवार को ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। यह आयोजन ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “आवास पल्स 2024 हाउसहोल्ड सर्वे” के तहत किया गया। ग्राम सभाओं में आवास सॉफ्ट पर तैयार ग्राम पंचायतों की ड्राफ्ट परमानेंट वेट लिस्ट स्थायी प्रतीक्षा सूची को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी की गई।
ग्राम सभाओं में पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत सचिवों, रोजगार सेवकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस दौरान लाभुकों की सूची का सार्वजनिक रूप से वाचन किया गया तथा ग्रामीणों से आपत्तियां एवं सुझाव प्राप्त किए गए, ताकि पात्र लाभुकों का चयन पूरी पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ सुनिश्चित किया जा सके।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने पंचायत स्तरीय कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्राम सभा का आयोजन विभागीय दिशा-निर्देश एवं एसओपी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ सही एवं जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचे, इसके लिए सभी प्रक्रियाओं को पारदर्शी तरीके से संपन्न करना आवश्यक है।

बीडीओ ने कहा कि ग्रामीण विकास मंत्रालय से प्राप्त निर्देशों के अनुसार ग्राम सभा में प्राप्त सुझावों एवं आपत्तियों का निष्पक्ष निष्पादन करते हुए अंतिम सूची तैयार की जाएगी। उन्होंने पंचायत कर्मियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता से बचने का निर्देश दिया।
ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना एवं आवास पल्स सर्वे से संबंधित विस्तृत जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे सही जानकारी उपलब्ध कराकर योजना को सफल बनाने में सहयोग करें।
इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों में आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बढ़ने के साथ-साथ पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित होने की उम्मीद जताई जा रही है। ग्रामीणों ने भी ग्राम सभा के माध्यम से लाभुक चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की पहल की सराहना की।


