झारखंड

उत्कृष्ट पंचायतों के चयन को लेकर जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने किया निरीक्षण।

बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, सरकारी योजनाओं, अभिलेखों एवं डिजिटल सेवाओं की स्थिति का लिया जायजा।

साहिबगंज।जिले में उत्कृष्ट पंचायतों के चयन एवं पंचायतों के समग्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला पंचायत राज पदाधिकारी अनिल कुमार ने संभावित उत्कृष्ट पंचायतों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायतों में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, विकास योजनाओं के क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में निर्धारित सरकारी मानकों के अनुरूप पंचायतों के कार्यों एवं उपलब्धियों का आकलन किया गया। इस दौरान पंचायत भवन की स्थिति, परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जांच की गई।

इसके अलावा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। यह भी देखा गया कि योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पहुंच रहा है या नहीं।

प्रशासनिक व्यवस्था के तहत ग्राम सभा के नियमित आयोजन, कैशबुक, आवश्यक पंजियों एवं अभिलेखों के अद्यतन संधारण की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। वहीं, पंचायत स्तर पर प्रज्ञा केंद्र (सीएससी) के माध्यम से आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही ऑनलाइन एवं डिजिटल सेवाओं की स्थिति का भी आकलन किया गया।

जिला पंचायत राज पदाधिकारी ने निरीक्षण के माध्यम से पंचायतों में संचालित विकास कार्यों एवं उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन किया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य बेहतर कार्य करने वाली पंचायतों को प्रोत्साहित करना तथा पंचायत स्तर पर सुशासन, पारदर्शिता एवं जवाबदेही को और अधिक मजबूत बनाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!