झारखंड

साहिबगंज PRS काउंटर पर टिकट दलाली का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार।

तत्काल रेलवे टिकट पर प्रति यात्री 200 रुपये कमीशन लेने का आरोप, टिकट और मोबाइल सहित अन्य सामान जब्त।

साहिबगंज। रेलवे आरक्षण टिकटों की अवैध दलाली के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को साहिबगंज रेलवे स्टेशन स्थित PRS काउंटर पर विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान अवैध रूप से तत्काल रेलवे आरक्षण टिकट बुक कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई RPF CIB मालदा की टीम एवं RPF पोस्ट साहिबगंज के अधिकारियों और जवानों के संयुक्त सहयोग से IPF राज कुमार के प्रत्यक्ष पर्यवेक्षण में की गई। अभियान के दौरान एक संदिग्ध युवक को AC तत्काल बुकिंग अवधि में तत्काल आरक्षण टिकट खरीदते हुए पकड़ा गया। पूछताछ एवं टिकट से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि वह अन्य लोगों के लिए बिना किसी वैध प्राधिकरण के तत्काल रेलवे टिकट बुक कराता था और इसके बदले प्रति व्यक्ति 200 रुपये कमीशन लेता था। उसने पूर्व में भी आर्थिक लाभ के उद्देश्य से इस प्रकार टिकट उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की।

गिरफ्तार युवक की पहचान अमन गुप्ता (28 वर्ष), पिता अशोक गुप्ता, निवासी चैत दुर्गा, सकरोगढ़, थाना साहिबगंज टाउन, जिला साहिबगंज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तत्काल आरक्षण टिकट, जिसका PNR नंबर 684-1103528 है। टिकट पटना जंक्शन से नई दिल्ली तक 21 नवंबर 2026 की यात्रा के लिए 3A श्रेणी में बुक था, जिसकी कीमत 7,120 रुपये है। इसके अलावा एक खाली रेलवे आरक्षण/कैंसिलेशन फॉर्म, 40 रुपये नकद और एक पुराना OPPO A54 मोबाइल फोन भी बरामद कर जब्त किया गया।

इसके बाद आरोपी को 20 नवंबर 2026 को सुबह 11:10 बजे विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में RPF पोस्ट साहिबगंज में केस संख्या 892/26, दिनांक 20.11.2026 के तहत रेलवे अधिनियम की धारा 143 में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रेलवे सुरक्षा बल की इस कार्रवाई का उद्देश्य अवैध टिकट दलाली पर प्रभावी अंकुश लगाना तथा आम रेल यात्रियों को टिकट दलालों के शोषण और आर्थिक नुकसान से बचाना है। रेलवे सुरक्षा बल ने स्पष्ट किया है कि रेलवे टिकटों की अवैध खरीद-बिक्री एवं दलाली के विरुद्ध निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!