गंगा तटों के संरक्षण और छठ घाटों के विकास पर जोर, लंबित कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश।
जिला गंगा समिति की बैठक में अतिरिक्त छठ घाटों के निर्माण, तटीय कटाव रोकने और पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर हुई चर्चा, नमामि गंगे परियोजना को भेजा जाएगा प्रस्ताव।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला गंगा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा नदी के तटों के संरक्षण, छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए अतिरिक्त घाटों के विकास तथा पर्यावरण अनुकूल पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए जिले में अतिरिक्त छठ घाटों के विकास की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। इसके लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर नमामि गंगे परियोजना को भेजने का निर्णय लिया गया, ताकि घाटों का विकास कर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

बैठक में साहिबगंज शहरी क्षेत्र में गंगा नदी के कटाव से तटीय इलाकों की सुरक्षा को लेकर बिजली घाट से ओझा टोली घाट तक लंबित तट संरक्षण कार्य को शीघ्र पूरा कराने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने संबंधित कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता बताई। वहीं, बास्कोला रेलवे लाइन के समीप गंगा नदी में हो रहे कटाव से रेलवे अवसंरचना एवं आसपास के क्षेत्रों को संभावित खतरे से बचाने के लिए अस्थायी उपायों के अतिरिक्त व्यापक एवं स्थायी कटाव निरोधक कार्य कराने पर भी चर्चा हुई।
इसके अलावा गंगा नदी में पर्यटन एवं मनोरंजन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए गैर-मोटर चालित नौकाओं के परिचालन की संभावनाओं पर विचार किया गया। इसका उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ गंगा डॉल्फिन सहित अन्य जलीय जीवों के प्राकृतिक आवास और पारिस्थितिकी तंत्र को सुरक्षित रखना है।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने संबंधित विभागों को गंगा नदी के संरक्षण, तटीय क्षेत्रों की सुरक्षा और जनसुविधाओं के विकास के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, नगर प्रशासक साहिबगंज अभिषेक कुमार सिंह, नगर पंचायत प्रशासक राजमहल दानिश हुसैन, नमामि गंगे परियोजना के जिला समन्वयक अमित मिश्रा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



