झारखंड

छठ पूजा को लेकर उपायुक्त एवं एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश।

छठ घाटों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं जलस्तर का होगा विशेष निरीक्षण; संवेदनशील घाटों पर ड्रोन से निगरानी, आपात स्थिति से निपटने के लिए तीन क्यूआरटी गठित।

पाकुड़। छठ पूजा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ वर्चुअल माध्यम से संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सभी छठ घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, कचरा हटाने, पहुंच पथ की सफाई तथा नालियों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और अंधेरे वाले स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष रोशनी की व्यवस्था करने पर जोर दिया। साथ ही तालाबों, नदियों एवं अन्य छठ घाटों का निरीक्षण कर जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्था का आकलन करने को कहा। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा कर्मियों एवं गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।

शहरी क्षेत्र के प्रमुख छठ घाटों एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ड्रोन के माध्यम से भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखी जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी छोटी समस्या का तत्काल स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाए।

वहीं, पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्धारित समय पर अपने ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की लोकेशन कंट्रोल रूम के माध्यम से मॉनिटर की जाएगी। आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए तीन क्विक रिस्पांस टीम क्यूआरटी गठित की गई हैं। इनमें एक टीम नगर थाना, दूसरी महेशपुर तथा तीसरी पुलिस लाइन में तैनात रहेगी।

एसपी ने थाना प्रभारियों को रात्रि गश्ती के दौरान छठ घाटों पर विशेष निगरानी रखने एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्धारित स्थानों पर ट्रैफिक एंट्री प्वाइंट समय पर स्थापित करने तथा श्रद्धालुओं के सुरक्षित वापस लौटने तक उन्हें नहीं खोलने का निर्देश दिया गया।

बैठक के अंत में सभी दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने, क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रशासन ने छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!