पदातिक एक्सप्रेस में चोरी का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार; 16.41 लाख के आभूषण बरामद।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपित तक पहुंची आरपीएफ की संयुक्त टीम, चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में स्थानीय ज्वेलर्स भी गिरफ्तार।

साहिबगंज। पदातिक एक्सप्रेस में यात्री के सामान की चोरी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। रेल मदद पर मिली शिकायत के आधार पर की गई जांच और छापेमारी में कथित मुख्य आरोपित सहित चोरी के आभूषण खरीदने के आरोप में एक स्थानीय ज्वेलर्स को गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई के दौरान करीब 16 लाख 41 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान बरामद कर जब्त किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 सितंबर 2026 को ट्रेन संख्या 12378 डाउन पदातिक एक्सप्रेस के एस-1 कोच में यात्री के सामान की चोरी को लेकर रेल मदद शिकायत संख्या 2026091500737 दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ सीआईबी बर्दवान, आरपीएफ पोस्ट पाकुड़ और आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की संयुक्त टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान कोटलपोखर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल में एक संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेन के एस-1 कोच में चढ़ते हुए चिह्नित किया गया। उपलब्ध साक्ष्यों और सूचनाओं के आधार पर उसकी पहचान जियाउल शेख उर्फ छपरा (30), निवासी चांदीपुर रोड, बरहरवा के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम को सूचना मिली कि संदिग्ध राजमहल के नागेश्वर बाग स्थित अपने ससुर कुरबान शेख के घर पर मौजूद है। सूचना के आधार पर आरपीएफ की संयुक्त टीम ने राजमहल थाना पुलिस के सहयोग से उक्त मकान की घेराबंदी की। इसी दौरान एक व्यक्ति घर से निकलकर धान के खेत की ओर भागने लगा, जिसे टीम ने तत्परता से पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान जियाउल शेख के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने ट्रेन में यात्रियों के सोने के आभूषण और मोबाइल फोन चोरी करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर ससुर के घर से गुलाबी रंग के बैग में रखे सोने-चांदी के विभिन्न आभूषण तथा 1 लाख 41 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद सामान में सोने की चूड़ियां, कड़ा, हार, अंगूठी, बाला, भगवान के आभूषण, बच्चों का बाजूबंद, सोने के टुकड़े और चांदी के चार सिक्के शामिल हैं। सभी सामान को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान जियाउल शेख ने बताया कि उसने चोरी की दो सोने की चेन और दो बालियां राजमहल के नया बाजार निवासी प्रदीप कुमार साहा (51) को 1 लाख 41 हजार 500 रुपये में बेची थीं। इस जानकारी के आधार पर संयुक्त टीम ने राजमहल के लालू मार्केट स्थित संबंधित आभूषण दुकान में छापेमारी की। वहां से चोरी की बताई गई दोनों सोने की चेन और दो बालियां बरामद की गईं। इसके बाद प्रदीप कुमार साहा को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान आरोपित ने चोरी की अन्य संपत्ति बरहरवा के मजबूर शेख और जैनुल शेख को बेचने की जानकारी भी दी। इसके आधार पर दोनों के बताए गए ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन वे अपने घरों पर नहीं मिले। पुलिस अब चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी और अन्य संभावित खरीदारों की पहचान के लिए कार्रवाई कर रही है।
आरपीएफ के अनुसार, जब्ती और गिरफ्तारी की कार्रवाई स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के अनुरूप की गई। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। दोनों गिरफ्तार आरोपितों को जब्त संपत्ति एवं संबंधित दस्तावेजों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपीएस बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया है।
इस मामले में जीआरपीएस बरहरवा कांड संख्या 48/2026, दिनांक 20 सितंबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(सी), 317(2) एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले का आगे का अनुसंधान जीआरपीएस बरहरवा द्वारा किया जा रहा है।
इस कार्रवाई में आरपीएफ सीआईबी बर्दवान, आरपीएफ पोस्ट पाकुड़, आरपीएफ पोस्ट बरहरवा तथा राजमहल थाना पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। फिलहाल, दो आरोपितों की गिरफ्तारी और करीब 16.41 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति की बरामदगी को मामले में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी और अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।




