सीबीआई अधिकारी बनकर डराया, अश्लील वीडियो और FIR का भय दिखाकर ठगे ₹1.20 करोड़।
बरहरवा के युवक से RTGS के जरिए विभिन्न खातों में कराया गया करोड़ों रुपये का ट्रांसफर, पश्चिम बंगाल से अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के 3 आरोपी गिरफ्तार।

साहिबगंज। साहिबगंज पुलिस ने करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर क्षेत्र से अंतरराज्यीय संगठित साइबर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सह नोडल पदाधिकारी साइबर सेल रविकांत साव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बरहरवा थाना क्षेत्र निवासी गौतम दास को अज्ञात साइबर अपराधियों ने व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से संपर्क किया। आरोपियों ने स्वयं को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़ित को मानसिक रूप से भयभीत किया। इसके बाद अश्लील वीडियो तथा उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज होने का झूठा डर दिखाकर उससे बड़ी रकम की ठगी की गई।
आरोपियों ने भय और दबाव का माहौल बनाकर गौतम दास से ₹1 करोड़ 20 लाख रुपये RTGS के माध्यम से अलग-अलग बैंक खातों में स्थानांतरित करा लिए।
मामले को लेकर 31 अगस्त 2026 को बरहरवा थाना कांड संख्या 218/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 316(2), 319(2), 318(4), 351(2) एवं 61(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सह नोडल पदाधिकारी साइबर सेल रविकांत साव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया।
SIT ने बैंक स्टेटमेंट और तकनीकी शाखा की सहायता से लेन-देन तथा आरोपियों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर क्षेत्र में छापेमारी कर अंतरराज्यीय संगठित साइबर गिरोह से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
रंजीत बास्की (28 वर्ष), पिता—महादेव बास्की, पता—बाम्बे कॉलोनी, दुर्गापुर, जिला पश्चिम वर्द्धमान।
आसित महतो, पिता—उत्तम महतो, पता—आईटीआई गोसाई टोला, थाना एनटीपीसी विधाननगर, जिला पश्चिम वर्द्धमान।
धीरज हारि, पिता—बैद्यनाथ हारि, पता—हुरको, दुर्गापुर विधाननगर, जिला पश्चिम वर्द्धमान।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से मामले में आगे की पूछताछ की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और ठगी की रकम के लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
छापेमारी अभियान में बरहरवा अंचल पु॰नि॰ संतोष कुमार पु॰अ॰नि॰ अनिल कुमार, रांगा थाना पु॰अ॰नि॰ सत्यवान कुंभकार सहित सशस्त्र बल के जवान उपस्थित रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।




