विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारियों में तेजी लाने के निर्देश, लंबित प्रपत्रों के शीघ्र निष्पादन पर जोर।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपायुक्त ने की समीक्षा, बीएलओ के कार्यों की प्रगति पर जताई नाराजगी।

पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ, बीएलओ पर्यवेक्षक सहित सभी संबंधित पदाधिकारी जुड़े।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि अन्य राज्यों में चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने के बाद कभी भी विशेष गहन पुनरीक्षण की घोषणा की जा सकती है। ऐसे में सभी पदाधिकारी पूरी तत्परता के साथ कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी प्रकार के आवेदन या प्रपत्र लंबित न रहें। सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निष्पादन अनिवार्य रूप से किया जाए।
उपायुक्त ने प्री-रिवीजन गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बीएलओ द्वारा क्षेत्र भ्रमण के दौरान लगाए जा रहे नोशनल मकान संख्या के कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि इस कार्य में तेजी लाई जाए और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए।
साथ ही, संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण करें तथा बीएलओ द्वारा लगाए जा रहे स्टीकर एवं संधारित रजिस्टर का सतत अनुश्रवण सुनिश्चित करें, ताकि कार्यों में किसी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न हो।
उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े सभी कार्य अत्यंत संवेदनशील होते हैं, इसलिए इन्हें पूरी सतर्कता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न करना अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




