सिद्धो कान्हो के जन्मदिवस पर भोगनाडीह एवं पचकठिया में भव्य श्रद्धांजलि समारोह, जिला पदाधिकारियों ने किया माल्यार्पण।
उपायुक्त हेमंत सती सहित अधिकारियों ने शहीद स्थलों पर सिद्धो कान्हो, चांद भैरव एवं फूलो–झानो की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूतों को किया नमन।

साहिबगंज। संथाल परगना के महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक सिद्धो कान्हो के जन्मदिवस के पावन अवसर पर शनिवार बरहेट प्रखंड अंतर्गत भोगनाडीह ग्राम एवं पचकठिया स्थित शहीद स्थलों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उपस्थित होकर वीर शहीदों को नमन किया और उनकी प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त हेमंत सती सहित जिला के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अमर शहीद सिद्धो कान्हो, चांद भैरव तथा वीरांगना फूलो झानो की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पूरे परिसर में देशभक्ति और सम्मान का वातावरण देखने को मिला।
उपायुक्त ने इस अवसर पर कहा कि सिद्धो कान्हो जैसे महान जननायकों ने स्वतंत्रता संग्राम में अद्वितीय योगदान दिया है। उनका संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इनके जीवन और बलिदान से सीख लेनी चाहिए और उनके आदर्शों पर चलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने भी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। पूरा आयोजन श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ संपन्न हुआ।




