ई-संजीवनी सेवा में पाकुड़ का शानदार प्रदर्शन, 4 सीएचओ राज्य के टॉप-10 में शामिल।
दूरस्थ क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की सशक्त पहुंच, टीमवर्क और समर्पण से मिली बड़ी उपलब्धि।
पाकुड़ जिला अंतर्गत ई-संजीवनी दूरचिकित्सा परामर्श सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। सुदृढ़ नेतृत्व, बेहतर समन्वय और स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिबद्धता के बल पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
दूरस्थ एवं दुर्गम ग्रामीण इलाकों में भी ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से लोगों को निरंतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस पहल से आमजन को अपने घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों से गुणवत्तापूर्ण परामर्श मिल रहा है, जिससे समय और संसाधनों की बचत के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच भी बढ़ी है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान राज्य स्तर पर चयनित टॉप-10 सीएचओ में पाकुड़ जिले के चार सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी शामिल हुए हैं। इनमें एससी फतेहपुर, एससी धरमपुर, एससी रोलाग्राम, एससी सुरमा
के सीएचओ ने निरंतर उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यह उपलब्धि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था की मजबूती और कर्मियों की कार्यनिष्ठा को दर्शाती है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर पाकुड़ के उपायुक्त मनीष कुमार ने सिविल सर्जन सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि टीमवर्क, समर्पण और सेवा भावना का प्रतिफल है।
उपायुक्त ने कहा कि ई-संजीवनी सेवा के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक सुदृढ़ हुई है, जिससे आमजन को समय पर चिकित्सा परामर्श मिल रहा है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
उपायुक्त ने यह भी आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं को और सशक्त बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। इस उपलब्धि से न केवल स्वास्थ्य विभाग का मनोबल बढ़ा है, बल्कि आम जनता में भी सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।




