लिट्टीपाड़ा में रबी कर्मशाला सह खेत बचाओ अभियान-2026 का आयोजन, किसानों को दी गई आधुनिक खेती की जानकारी।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किसानों से फसल बीमा योजना से जुड़ने की अपील की, उन्नत बीज एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड का किया गया वितरण।

पाकुड़। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा समारोह के अवसर पर शनिवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड में प्रखंड स्तरीय रबी कर्मशाला सह खेत बचाओ अभियान-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कर्मशाला में किसानों को रबी मौसम में मक्का, चना एवं मसूर की उन्नत खेती, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, आधुनिक तकनीकों तथा बेहतर फसल उत्पादन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान किसानों के बीच मक्का, चना एवं मसूर के उन्नत बीजों का वितरण किया गया। साथ ही मिट्टी की गुणवत्ता एवं उर्वरता की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के दौरान किसानों को फसल बीमा योजना के महत्व एवं उसके लाभों से अवगत कराया गया। उन्हें बताया गया कि प्राकृतिक आपदाओं, अतिवृष्टि एवं प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों के कारण फसल क्षति होने पर यह योजना आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। किसानों को मिट्टी की जांच के आधार पर संतुलित उर्वरकों का उपयोग करने तथा सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि किसान आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर अपनी उपज एवं आय में वृद्धि कर सकते हैं। रबी मौसम में बेहतर उत्पादन के लिए कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही जानकारी और सरकारी योजनाओं का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने किसानों से अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को खुलकर रखने तथा संबंधित योजनाओं में पंजीकरण सुनिश्चित कराने की अपील की।
उपायुक्त ने विशेष रूप से सभी पात्र किसानों से फसल बीमा योजना से जुड़ने का आग्रह करते हुए कहा कि किसान फसल बीमा को नजरअंदाज न करें। प्राकृतिक आपदा या मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में फसल खराब होने से आर्थिक नुकसान हो सकता है। ऐसे में फसल बीमा किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर अधिक से अधिक पात्र किसानों को योजना से जोड़ने के लिए व्यापक जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान चलाने का निर्देश दिया।

उन्होंने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ फसल विविधीकरण, आधुनिक कृषि तकनीकों एवं कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण की संभावनाओं को अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया, ताकि खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके।
कर्मशाला के माध्यम से किसानों को कृषि की नवीन तकनीकों, उन्नत बीजों, मृदा प्रबंधन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।




