बाल सुरक्षा और ऑनलाइन सेफ्टी को लेकर साहिबगंज में विशेष विधिक जागरूकता अभियान आयोजित।
विद्यालयों एवं पंचायतों में बच्चों को पॉक्सो कानून, साइबर अपराध और डिजिटल सुरक्षा की दी गई जानकारी; हेल्पलाइन नंबरों के प्रचार-प्रसार एवं निःशुल्क विधिक सहायता पर दिया गया जोर।

साहिबगंज। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली के निर्देश एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में शनिवार को जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं पंचायतों में विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के सुरक्षित बचपन अभियान तथा विद्यालयों में बाल ऑनलाइन सुरक्षा जागरूकता एवं शिकायत तंत्र को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, यौन अपराधों से संरक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, ऑनलाइन सुरक्षा तथा निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति जागरूक करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि प्राधिकार के लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने विभिन्न विद्यालयों एवं पंचायतों में पहुंचकर बच्चों, शिक्षकों और आम लोगों को बाल अधिकारों तथा सुरक्षा से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। इस दौरान पॉक्सो अधिनियम, 2012, बाल यौन शोषण से बचाव, अच्छे एवं बुरे स्पर्श की पहचान, व्यक्तिगत सुरक्षा और किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम में बच्चों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें अनजान व्यक्तियों से ऑनलाइन संपर्क करने, व्यक्तिगत जानकारी एवं तस्वीरें साझा करने, संदिग्ध लिंक खोलने तथा अज्ञात लोगों के बहकावे में आने से होने वाले खतरों के बारे में बताया गया। साथ ही साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ग्रूमिंग, सेक्सटॉर्शन और ऑनलाइन ब्लैकमेलिंग जैसी घटनाओं से बचाव के उपाय बताए गए। बच्चों को सलाह दी गई कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या परेशानी की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों अथवा शिक्षकों को दें।
नालसा के निर्देशानुसार जिले के सभी विद्यालयों में बाल सुरक्षा एवं साइबर अपराध से संबंधित हेल्पलाइन नंबरों और शिकायत तंत्र की जानकारी सूचना-पट्ट, पोस्टर एवं साइनेज के माध्यम से प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित करने पर जोर दिया गया। बच्चों को निम्नलिखित महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई-
चाइल्ड हेल्पलाइन – 1098: संकट, शोषण एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों की सहायता के लिए।
साइबर क्राइम हेल्पलाइन – 1930: ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध की शिकायत के लिए।
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल: https://cybercrime.gov.in
नालसा विधिक सहायता हेल्पलाइन – 15100: पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए।

बच्चों को बताया गया कि किसी भी प्रकार के शोषण, उत्पीड़न, परेशानी या साइबर अपराध की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा सक्षम प्राधिकार से संपर्क करना चाहिए।
अभियान के दौरान नालसा की बाल हितैषी विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण संबंधी योजना, 2024 के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके तहत बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता की उपलब्धता तथा बाल हितैषी संरक्षण सेवाओं से परिचित कराया गया। विद्यालयों के पुस्तकालयों में भी संबंधित योजनाओं एवं जागरूकता सामग्री उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई गई।
अभियान को प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक सहभागी विद्यालय से दो शिक्षकों को चिह्नित कर प्रशिक्षित करने की पहल पर जोर दिया गया। न्यायिक पदाधिकारियों एवं विशेषज्ञ संसाधन व्यक्तियों के सहयोग से शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर ‘टीचर्स-इन-चार्ज’ के रूप में जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, ताकि वे विद्यालयों में नियमित रूप से बाल सुरक्षा, पॉक्सो कानून, ऑनलाइन सुरक्षा एवं शिकायत तंत्र के प्रति बच्चों को जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम में बच्चों को जरूरत पड़ने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, प्रखंड विधिक सेवा समिति, पुलिस, विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू), साइबर सेल, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) सहित अन्य संबंधित संस्थाओं से सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई गई। साथ ही जिला शिक्षा पदाधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से इन गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और हेल्पलाइन संबंधी सूचनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार का उद्देश्य बच्चों को केवल कानूनी जानकारी देना ही नहीं, बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, डिजिटल दुनिया में सुरक्षित तथा किसी भी प्रकार के शोषण एवं अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने में सक्षम बनाना है। इस अभियान के माध्यम से जिले में बच्चों के लिए सुरक्षित, जागरूक एवं संरक्षणयुक्त वातावरण तैयार करने की दिशा में पहल की जा रही है।




