झारखंड

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने को लेकर सख्त होंगे सुरक्षा उपाय, अवैध पार्किंग और ओवरस्पीडिंग पर चलेगा विशेष जांच अभियान।

दुर्घटना संभावित स्थलों पर क्रैश बैरियर एवं सड़क संकेतक लगाने का निर्देश, हिट एंड रन के लंबित मामलों का शीघ्र होगा निष्पादन।

साहिबगंज। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, सुगम एवं सुव्यवस्थित बनाने को लेकर उपायुक्त-सह-जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, दुर्घटना रोकथाम के उपायों, यातायात व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए यातायात नियमों का कड़ाई से पालन, नियमित वाहन जांच और दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक में साहिबगंज, राजमहल एवं बरहरवा क्षेत्र के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर अवैध पार्किंग के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। मोटरयान निरीक्षक के नेतृत्व में संबंधित थाना प्रभारियों एवं सड़क सुरक्षा टीम को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया। शहरी क्षेत्र में नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा निर्धारित समय के अतिरिक्त भारी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, हिट एंड रन के लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित थाना प्रभारियों एवं जिला परिवहन पदाधिकारी को आवेदनों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित लंबित मोटरयान निरीक्षण (एमवीआई) जांच प्रतिवेदनों को भी शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि प्रभावित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो।

सड़क सुरक्षा के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने पर जोर देते हुए उपायुक्त ने साहिबगंज-गोविंदपुर मार्ग पर साहिबगंज से हरिणचरा मोड़ तक सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई-छंटाई तथा आवश्यक गति सीमा संकेतक लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा बोरियो-बरहेट मार्ग स्थित तेलों ब्रिज के समीप क्रैश बैरियर एवं परावर्तक संकेतक लगाने तथा उधवा पुल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान आवश्यक चेतावनी एवं सूचनात्मक संकेतक लगाने को कहा गया। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रोड स्पीड बैरियर लगाने की दिशा में भी कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने नशे में वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, अवैध पार्किंग एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित थाना प्रभारियों, जिला परिवहन पदाधिकारी एवं सड़क सुरक्षा टीम को वाहनों की जांच, चालान निर्गत करने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करना सभी संबंधित पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। नियमित निगरानी, वाहन जांच और समयबद्ध कार्रवाई से सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सकती है।

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, मोटरयान निरीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!