झारखंड

रेलवे ट्रांसफॉर्मर चोरी मामले में कबाड़ दुकान का मालिक गिरफ्तार।

बरहरवा बोनिडांगा रेलखंड से 63 केवीए ट्रांसफॉर्मर के पार्ट्स और 30 किलो तांबे की हुई थी चोरी, छापेमारी में रेलवे सामग्री और 18 हजार रुपये नकद बरामद।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा बोनिडांगा रेलखंड में रेलवे ट्रांसफॉर्मर चोरी के मामले में आरपीएफ ने फरार चल रहे एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नटुन मोमरेजपुर निवासी जलालुद्दीन उर्फ जल्ला के रूप में हुई है। वह एक कबाड़ दुकान का मालिक है। लगातार प्रयास और कानूनी प्रक्रिया के बाद 22 नवंबर 2026 को वह आरपीएफ पोस्ट बरहरवा में जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित हुआ, जहां पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जानकारी के अनुसार, 25 सितंबर 2026 को करीब 12:35 बजे रेलवे के जेई (इलेक्ट्रिकल), बरहरवा की ओर से सूचना दी गई कि बरहरवा–बोनिडांगा रेलखंड में टीआरडी मास्ट संख्या 270/40-42 के पास लगे 63 केवीए के ट्रांसफॉर्मर को क्षतिग्रस्त कर उसके महत्वपूर्ण पार्ट्स और करीब 30 किलोग्राम तांबे की चोरी कर ली गई है। घटनास्थल से केवल ट्रांसफॉर्मर का खाली बॉडी केसिंग बरामद हुआ था। रेलवे विभाग ने चोरी गए ट्रांसफॉर्मर की कुल अनुमानित कीमत 1,51,127 रुपये बताई थी।

इस मामले में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा में कांड संख्या 02/2026, दिनांक 25 सितंबर 2026 को धारा 3(ए) आरपी (यूपी) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच एसआई लाल बहादुर मांझी को सौंपी गई थी। जांच के क्रम में उसी दिन अखलाख हुसैन (28 वर्ष) को एक कबाड़ दुकान से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उसने दुकान के मालिक एवं अपने ससुर जलालुद्दीन उर्फ जल्ला की संलिप्तता का खुलासा किया।

इसके बाद की गई छापेमारी में कबाड़ दुकान से चोरी किए गए ट्रांसफॉर्मर के तीन बेस, 16 ब्लेड सेल तथा 18 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। घटना के बाद से जलालुद्दीन फरार चल रहा था। आरपीएफ की ओर से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी क्रम में बीएनएसएस की धारा 35 के तहत नोटिस जारी किया गया था।

नोटिस के अनुपालन में 22 नवंबर 2026 को जलालुद्दीन उर्फ जल्ला आरपीएफ पोस्ट बरहरवा पहुंचा और जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित हुआ। पूछताछ के दौरान उसने कबाड़ दुकान का मालिक होना स्वीकार किया तथा बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की। इसके बाद उसे धारा 3(ए) आरपी (यूपी) एक्ट के तहत विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे अग्रिम कार्रवाई के लिए आरजेएम न्यायालय, साहिबगंज के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!