झारखंड

रेलवे साइडिंग में श्रमिक सुविधाओं की मांग को लेकर 23 नवंबर को मालदा में धरना-प्रदर्शन।

झारखंड मजदूर संघ के नेतृत्व में डीआरएम कार्यालय के समक्ष होगा आंदोलन, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और पहचान पत्र सहित मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग।

साहिबगंज। जिले के विभिन्न रेलवे स्टेशनों की रैक साइडिंग में कार्यरत लोडिंग मजदूरों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर 23 नवंबर 2026 को मालदा स्थित मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जानकारी झारखंड मजदूर संघ के केंद्रीय महामंत्री राज कुमार यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

उन्होंने बताया कि झारखंड मजदूर संघ की प्रजातांत्रिक केंद्र कमेटी के नेतृत्व में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन की सूचना 19 नवंबर को पूर्व रेलवे, मालदा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को लिखित आवेदन के माध्यम से दी गई है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, धरना सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगा।

संघ का आरोप है कि साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी, करमटोला, सकरीगली, तालझारी, तीनपहाड़, बाकुड़ी एवं बरहरवा समेत विभिन्न रेलवे स्टेशनों की रैक साइडिंग में काम करने वाले मजदूरों को रेलवे प्रशासन की ओर से आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। यहां तक कि कई श्रमिकों को पहचान पत्र भी नहीं दिया गया है।

संघ की ओर से विशेष रूप से बाकुड़ी रेलवे स्टेशन पर फुट ओवरब्रिज का प्लेटफॉर्म संख्या दो से पांच नंबर साइडिंग तक विस्तार करने, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, धूल से बचाव के लिए पानी का छिड़काव तथा प्लेटफॉर्म को ऊंचा करने की मांग की गई है। इसके अलावा अन्य जरूरी श्रमिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है।

राज कुमार यादव ने कहा कि रैक साइडिंग में काम करने वाले मजदूरों को सुरक्षित और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी उद्देश्य से रेलवे प्रशासन का ध्यान इन समस्याओं की ओर आकृष्ट कराने के लिए धरना-प्रदर्शन का निर्णय लिया गया है। संघ ने रेलवे प्रशासन से मजदूरों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की अपील की है।

वहीं, धरना-प्रदर्शन के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा एवं आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया है। इस संबंध में आवेदन की प्रतिलिपि राजमहल एवं मालदा के अनुमंडल पदाधिकारियों को भी भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!