झारखंड

साहिबगंज में 26 नवंबर को होगा नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन।

गांधी चौक और सदर अस्पताल परिसर में दो चरणों में होगा अभ्यास, आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों का होगा आकलन।

साहिबगंज। आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने तथा जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की तैयारियों को परखने के उद्देश्य से साहिबगंज में 26 नवंबर 2026 को नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

गृह मंत्रालय, भारत सरकार के नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षा वाहिनी महानिदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित आपातकालीन परिस्थितियों, जैसे संदिग्ध विस्फोटक उपकरण मिलने, आतंकी हमले, आग लगने एवं अन्य आकस्मिक घटनाओं से निपटने की तैयारियों का आकलन करना है। इसके माध्यम से विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता, आपसी समन्वय तथा नागरिक सुरक्षा अधिनियम के तहत निर्धारित 12 बुनियादी नागरिक सुरक्षा सेवाओं की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मॉक ड्रिल दो चरणों में आयोजित होगी। प्रथम चरण में नगर परिषद कार्यालय परिसर सह गांधी चौक, साहिबगंज में अपराह्न 04:00 बजे से 04:45 बजे तक संदिग्ध विस्फोटक उपकरण की पहचान, खोज, बचाव एवं निष्कासन तथा घायलों की सुरक्षित निकासी का अभ्यास किया जाएगा।

वहीं, दूसरे चरण में सदर अस्पताल सह बस स्टैंड परिसर में शाम 05:30 बजे से 06:15 बजे तक अग्नि आपातकालीन स्थिति से निपटने का अभ्यास होगा। इसमें आग लगने की सूचना पर त्वरित कार्रवाई, अग्निशमन, घायलों का प्राथमिक उपचार, चिकित्सा व्यवस्था तथा लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया जाएगा।

मॉक ड्रिल की तैयारियों के तहत 26 नवंबर को दोपहर 03:00 बजे से 03:45 बजे तक संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारियों, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग, रेलवे एवं स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों द्वारा दोनों स्थलों का भौतिक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सुरक्षित निकास द्वार, एकत्रीकरण स्थल, आपातकालीन वाहनों के आवागमन मार्ग एवं कमान पोस्ट चिह्नित किए जाएंगे।

प्रथम चरण में गांधी चौक पर सायरन बजाकर अभ्यास शुरू होगा। इसके बाद विद्युत आपूर्ति बंद करने, पुलिस द्वारा क्षेत्र की घेराबंदी एवं यातायात नियंत्रण की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। नागरिक सुरक्षा वार्डन, गृह रक्षा वाहिनी एवं प्रशिक्षित स्वयंसेवकों द्वारा व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के साथ बचाव कार्य का अभ्यास किया जाएगा। चिकित्सा दल घायलों का प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय श्रेणीकरण करेगा तथा गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया प्रदर्शित करेगा।

इसके बाद सभी संबंधित टीमें दूसरे स्थल पर पहुंचेंगी। शाम 05:30 बजे सदर अस्पताल सह बस स्टैंड परिसर में चेतावनी सायरन के साथ अग्नि आपातकालीन स्थिति का अभ्यास शुरू होगा। अग्निशमन दल आग बुझाने और प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभ्यास करेगा। चिकित्सा दल द्वारा घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। बचाव एवं राहत कार्य पूरा होने के बाद सुरक्षित सायरन बजाकर मॉक ड्रिल संपन्न की जाएगी।

मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों एवं संगठनों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। आपदा प्रबंधन विभाग एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी समग्र समन्वय, प्रशासनिक व्यवस्था तथा प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करेंगे। पुलिस विभाग एवं गृह रक्षा वाहिनी सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षित निकासी में सहयोग करेंगे।

अग्निशमन विभाग आग पर नियंत्रण एवं बचाव कार्यों का संचालन करेगा, जबकि स्वास्थ्य विभाग घायलों का प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। नगर परिषद द्वारा बैरिकेडिंग, सार्वजनिक उद्घोषणा, प्रकाश व्यवस्था एवं साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभाई जाएगी। विद्युत विभाग निर्धारित निर्देशों के अनुसार विद्युत आपूर्ति बंद एवं सुरक्षा जांच के बाद बहाल करेगा। वहीं, परिवहन विभाग आपातकालीन वाहनों के निर्बाध आवागमन तथा सामान्य यातायात के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करेगा।

इसके अतिरिक्त भवन प्रमंडल, पथ प्रमंडल, एनआरईपी एवं गंगा पंप नहर द्वारा आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। जिला जनसंपर्क कार्यालय आधिकारिक सूचनाओं के प्रसारण, प्रेस विज्ञप्ति जारी करने तथा सोशल मीडिया पर अफवाहों की निगरानी एवं भ्रामक सूचनाओं के खंडन का कार्य करेगा। एनसीसी, एनएसएस, नेहरू युवा केंद्र, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स सहित अन्य स्वयंसेवी संगठनों के प्रशिक्षित सदस्य बचाव, प्राथमिक सहायता एवं सुरक्षित निकासी में सहयोग करेंगे।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता विजय कुमार, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!