झारखंड

भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन, विजेता खिलाड़ी हुए सम्मानित।

ग्रामीण एवं जनजातीय खेल प्रतिभाओं को मिला मंच, विभिन्न स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया उत्कृष्ट प्रदर्शन।

पाकुड़। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का भव्य समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। प्रतियोगिता के अंतिम दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं के रोमांचक फाइनल मुकाबले आयोजित किए गए। समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

बैंक कॉलोनी स्थित जिला स्तरीय स्टेडियम में आयोजित समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नगर परिषद पाकुड़ की अध्यक्ष सबरी पाल उपस्थित रहीं। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती, जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेन्दु शेखर गांगुली ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

बैंक कॉलोनी स्टेडियम में आयोजित वॉलीबॉल पुरुष वर्ग में जिला वॉलीबॉल संघ की टीम विजेता रही, जबकि डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र की टीम उपविजेता बनी। वॉलीबॉल बालिका वर्ग में डीएवी, गोकुलपुर, पाकुड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, अमड़ापाड़ा की टीम उपविजेता रही। महिला फुटबॉल में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ की टीम विजेता तथा जिला खेल अकादमी, पाकुड़ की टीम उपविजेता बनी।

तीरंदाजी बालिका वर्ग में अनुप्रिया टुडू प्रथम, सुहागिनी टुडू द्वितीय एवं शांति मरांडी तृतीय स्थान पर रहीं। तीरंदाजी बालक वर्ग में माइकल मरांडी ने प्रथम, जॉन किस्कू ने द्वितीय एवं रूबीन हेम्ब्रम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

मटका दौड़ बालिका वर्ग में मेरीला टुडू प्रथम, रश्मि सोरेन द्वितीय एवं सोनीति मुर्मू तृतीय रहीं। वहीं भाड़ा दौड़ बालिका वर्ग में भारती मरांडी ने प्रथम, कल्याणी सरकार ने द्वितीय एवं सावित्री किस्कू ने तृतीय स्थान हासिल किया। भाड़ा दौड़ बालक वर्ग में अमन तुरी प्रथम, राकेश हांसदा द्वितीय एवं विमल टुडू तृतीय स्थान पर रहे।

दूसरी ओर, गोकुलपुर खेल मैदान में आयोजित पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला गोकुलपुर एवं खपराजोला की टीमों के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में खपराजोला की टीम ने 1-0 से जीत दर्ज कर विजेता का खिताब अपने नाम किया। यहां आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक भगत एवं अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। मौके पर मुखिया विकास गोंड, लखन हेम्ब्रम एवं पीटर मरांडी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं उद्घोषणा राजेश हांसदा ने किया। समापन अवसर पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार ने सभी अतिथियों, खेल संघों, आयोजन समिति के सदस्यों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।

इस प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। साथ ही पारंपरिक एवं स्वदेशी खेल संस्कृति को संरक्षित और प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल भी की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!