राजमहल केलाबाड़ी फोरलेन पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ चला संयुक्त अभियान।
एनएचएआई एवं परिवहन विभाग की टीम ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया, चालकों को दी सख्त चेतावनी; नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई।

साहिबगंज। राजमहल केलाबाड़ी फोरलेन सड़क पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के विरुद्ध भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) एवं परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े भारी एवं छोटे वाहनों को हटवाया गया। साथ ही वाहन चालकों को भविष्य में निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की सख्त हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान एनएचएआई के डिप्टी मैनेजर आदित्य रत्नम एवं मोटर वाहन निरीक्षक अभिषेक मुंडा ने फोरलेन सड़क के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सड़क किनारे अवैध रूप से वाहन खड़ा करने से यातायात व्यवस्था बाधित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इससे राहगीरों के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी होती है।

संयुक्त टीम ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा सड़क किनारे अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की। साथ ही स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य फोरलेन सड़क पर यातायात को सुगम एवं सुरक्षित बनाना तथा संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

मौके पर महेश सिंह, संजय कुमार, अनुज परासर, राजहंस सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




