पश्चिम जामनगर पंचायत में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित, लाभुकों को मिला पक्के मकान का उपहार।
झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित हुआ कार्यक्रम, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में लाभुकों ने नए आवास में किया प्रवेश।

राजमहल साहिबगंज। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के अवसर पर राजमहल प्रखंड अंतर्गत पश्चिम जामनगर पंचायत में आवास योजना के तहत नवनिर्मित मकानों का गृह प्रवेश कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस दौरान लाभुकों ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अपने नए पक्के मकान में प्रवेश किया। अपने घर का सपना साकार होने पर लाभुकों के चेहरे पर खुशी और उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारिक, मुखिया ऊषा कुमारी, बीपीओ गगन बापू एवं आवास समन्वयक रविकांत रवि सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लाभुकों को नए आवास की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आवास योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया। गृह प्रवेश कार्यक्रम ने लाभुक परिवारों के जीवन में खुशियों का नया अध्याय जोड़ दिया। वर्षों से पक्के मकान का सपना संजोए परिवारों के लिए यह अवसर यादगार बन गया।




