दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी।

साहिबगंज।आगामी दीपावली, काली पूजा एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, अग्निशमन, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं छठ घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी थाना प्रभारियों एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लाइसेंस प्राप्त पूजा समितियों की सूची अद्यतन रखने तथा समिति के सदस्यों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी पूजा पंडालों में पर्याप्त रोशनी, विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन उपकरण, स्वयंसेवकों की तैनाती एवं यातायात नियंत्रण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उपायुक्त ने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि आवश्यकतानुसार ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। साथ ही पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। काली पूजा के दौरान साहिबगंज नगर क्षेत्र में निकलने वाले मां काली के जुलूस को लेकर भी विशेष दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने जुलूस में पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती, रस्सी एवं प्रकाश व्यवस्था तथा जुलूस मार्ग पर साफ-सफाई और सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
दीपावली के दौरान संभावित अग्निकांड एवं दुर्घटनाओं को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस उपलब्ध रखने, बर्न वार्ड में चिकित्सकों की रोस्टर के अनुसार प्रतिनियुक्ति करने तथा मेडिकल टीम को अलर्ट मोड में रखने का निर्देश दिया गया। वहीं अग्निशमन विभाग को भी वाहनों एवं कर्मियों के साथ पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षित एवं असुरक्षित घाटों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। सुरक्षित घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, प्रकाश एवं माइकिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। वहीं असुरक्षित घाटों पर बैरिकेडिंग कर श्रद्धालुओं का प्रवेश प्रतिबंधित करने तथा खतरनाक स्थलों पर चेतावनी संकेत लगाने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने पूजा समितियों एवं जिलेवासियों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपसी भाईचारे, सतर्कता एवं सामाजिक सद्भाव के साथ सभी पर्वों को सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चन्द्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आइंद, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी, थाना प्रभारी एवं विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




