जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण।
सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव एवं सीसीटीवी निगरानी का लिया जायजा, निर्वाचन आयोग के मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।

साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था, रखरखाव और प्रबंधन का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित मानकों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा उपायुक्त ने वेयरहाउस में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की। उन्होंने संबंधित कर्मियों को नियमित प्रशिक्षण देने और सुरक्षा व्यवस्था की निरंतर निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन से संबंधित सभी उपकरण पूरी तरह सुरक्षित रहें।
मौके पर अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।


