झारखंड

जिला स्तरीय जनजातीय खेल प्रतियोगिता का समापन, सकरीगली और न्यू स्टार की टीम बनी विजेता।

फुटबॉल एवं वॉलीबॉल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, चयनित प्रतिभागी 21 नवंबर को दुमका में प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में लेंगे भाग।

साहिबगंज। झारखंड राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, साहिबगंज की ओर से सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता के दूसरे दिन फुटबॉल एवं वॉलीबॉल के मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

दूसरे दिन की प्रतियोगिताओं में पुरुष फुटबॉल वर्ग में 16 टीमों, महिला फुटबॉल वर्ग में चार टीमों तथा बालक वॉलीबॉल वर्ग में चार टीमों ने हिस्सा लिया। विभिन्न मुकाबलों के बाद विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया।

वॉलीबॉल बालक वर्ग में +2 बी.डी. उच्च विद्यालय, सकरीगली की टीम ने नवोदय विद्यालय, साहिबगंज को 2-0 से पराजित किया। इसके अलावा सकरीगली की टीम ने संत जेवियर्स हिंदी विद्यालय और झरना कॉलोनी की टीम को भी 2-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए +2 बी.डी. उच्च विद्यालय, सकरीगली की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया।

बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में न्यू स्टार, साहिबगंज की टीम ने साहिबगंज कॉलेज की टीम को हराकर अगले चरण में प्रवेश किया। वहीं फाइनल मुकाबले में न्यू स्टार की खिलाड़ियों ने संत जेवियर्स हिंदी विद्यालय, साहिबगंज की टीम को पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

पुरुष फुटबॉल वर्ग में एसडीओ कोठी की टीम ने न्यू स्टार, साहिबगंज को हराया। वहीं लखीपुर ने बोरियो, साहिबगंज युवा क्लब ने भोगनाडीह एफसी, बिरसा वॉरियर्स ने संत जेवियर्स बॉयज तथा एफसी पहाड़िया ने सोती चौकी पांगडो की टीम को पराजित किया। इसके अलावा एफसी राजमहल ने एफसी बांझी, एफसी पारसबन्ना ने संध्या महाविद्यालय तथा एफसी सकरीगली ने एफसी चैती दुर्गा को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।

प्रतियोगिता में जिला स्तर पर चयनित प्रतिभागी एवं टीमें 21 नवंबर 2026 को दुमका में आयोजित होने वाली प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में साहिबगंज जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इस अवसर पर खेल समन्वयक कौशल किशोर मरांडी, खेल शिक्षक बीरेन्द्र कुमार साह, खेल प्रशिक्षक योगेश यादव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!