साहिबगंज में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, 12 लोगों ने किया रक्तदान।
सदर अस्पताल के रक्त अधिकोष में आयोजित शिविर में रक्तदाताओं ने मानवता की सेवा का दिया संदेश।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, साहिबगंज के निर्देशानुसार शुक्रवार को सदर अस्पताल स्थित रक्त अधिकोष में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा आमजनों को नियमित एवं स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना था।
शिविर में 12 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने मानवता की सेवा का संदेश देते हुए जरूरतमंद मरीजों के जीवन की रक्षा में अपना योगदान दिया। रक्तदान से अस्पताल में रक्त की आवश्यकता वाले मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान एवं डॉ. मोहन मुर्मू सहित भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, साहिबगंज शाखा के चंदेश्वर प्रसाद सिन्हा उर्फ बोदी सिन्हा, केशव तिवारी, मोहम्मद तूफैन अहमद, सुरेश निर्मल, आर.के. दास, गोपाल चोखानी, अनिल कुमार गुप्ता, विनय झा, हरेंद्र पासवान सहित अन्य सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने कहा कि रक्तदान केवल रक्त देने का कार्य नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के जीवन की रक्षा में योगदान देने का संकल्प है। समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाकर रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, साहिबगंज की ओर से स्वस्थ एवं पात्र लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की गई। संस्था ने कहा कि “एक यूनिट रक्त, किसी के जीवन की उम्मीद” बन सकता है और रक्तदान समाज के प्रति जिम्मेदारी तथा मानवता के प्रति संवेदनशीलता का प्रतीक है।


