Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

विधायक निसात आलम का हस्तिपाड़ा पंचायत में व्यापक जनसंपर्क अभियान, ग्रामीणों की समस्याओं से हुईं रूबरू।

बरहरवा प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर पेयजल, सड़क, शिक्षा व बिजली जैसी मूलभूत समस्याओं पर लिया जायजा, त्वरित समाधान का दिया भरोसा।

बरहरवा साहिबगंज।पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की विधायक निसात आलम ने शुक्रवार को बरहरवा प्रखंड अंतर्गत हस्तिपाड़ा पंचायत के विभिन्न गांवों एवं टोलों का सघन दौरा कर आमजनों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आयोजित इस जनसंपर्क अभियान में विधायक ने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। ग्रामीणों ने भी बढ़-चढ़कर अपनी बात रखते हुए पेयजल, सड़क, नाली, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

कार्यक्रम के क्रम में विधायक अपराह्न 3:30 बजे जूहीबोना मध्य टोला पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। यहां पेयजल संकट, जर्जर सड़क और नाली निर्माण की समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।

इसके पश्चात शाम 4:00 बजे जूहीबोना पश्चिम टोला स्थित हाई स्कूल के समीप आयोजित बैठक में शिक्षा व्यवस्था, विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं की कमी और युवाओं के रोजगार के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

शाम 4:30 बजे एनटीपीसी टोला में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान बिजली आपूर्ति, जलापूर्ति और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की गई।

अंत में शाम 5:00 बजे धोबाही पोखर के पीछे हेमा के घर के समीप पहुंचकर विधायक ने विशेष रूप से महिलाओं एवं बुजुर्गों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर विधायक निसात आलम ने कहा कि जनसंपर्क अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा एवं स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे रखने का अवसर मिलता है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर शीघ्र कार्रवाई संभव हो पाती है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने की बात भी उन्होंने कही।

इस दौरान प्रखंड अध्यक्ष रंजीत टुडू, कार्यकारी प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक दास, मुफक्कर हुसैन, बैदूल रहमान, अक्तारुल, सफ़ातुल्ला, नाबीद अंजुम, दिलदार आलम, नेहाल अख्तर, महबूब आलम, हेमातूर रहमान, शकील अहमद, अब्दुस सुकुर, परवेज, शारिक रब्बानी, थॉमस रॉबर्ट, शेखावत आलम, हबीबुल्ला, फिरोज आलम, मुसफेक आलम, कमीरुल इस्लाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!