Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में 36 लाख से बनेगा चार कमरों का भवन, विधायक ने किया शिलान्यास।

छात्राओं की सुरक्षा और विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर दिया जोर।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल शहर स्थित प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में रविवार को महत्वपूर्ण पहल की गई। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के माध्यम से 36 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार कमरों के नए कक्षा भवन का शिलान्यास राजमहल विधायक मोहम्मद ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया। नए भवन के निर्माण से छात्राओं के लिए अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध होंगे तथा पठन-पाठन की व्यवस्था बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

शिलान्यास के बाद विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई और छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए छात्राओं को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के भूतल के बाहरी हिस्से की खिड़कियों में सुरक्षा के मद्देनजर जाली लगाने का निर्देश दिया।

विधायक ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए। विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने की भी जरूरत है। उन्होंने विद्यालय के समग्र विकास को लेकर जल्द ही विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित कराने की बात कही। बैठक में आधारभूत संरचना के विकास, विद्यालय की समस्याओं और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

इस दौरान विद्यालय की प्राचार्य रीमा पाठक ने विधायक के समक्ष आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याएं रखते हुए मुख्य द्वार एवं चारदीवारी के निर्माण की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इन सुविधाओं का होना आवश्यक है। विधायक ने मांग पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए विद्यालय के विकास के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।

चार कमरों के नए कक्षा भवन के निर्माण से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद है। वहीं, सुरक्षा एवं आधारभूत संरचना को लेकर विधायक के निर्देशों से विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की अपेक्षा है।

मौके पर विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद मारूफ उर्फ गुड्डू, प्राचार्य रीमा पाठक, प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार यादव, जितेंद्र यादव, रतन राय सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!