आयुष्मान आरोग्य मंदिरों की लापरवाही पर सिविल सर्जन सख्त, अंतिम चेतावनी के साथ कार्यशैली सुधारने का निर्देश।
बाढ़ और संभावित महामारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी के निर्देश।

राजमहल। साहिबगंज सिविल सर्जन-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामदेव पासवान की अध्यक्षता में शुक्रवार को राजमहल प्रखंड अंतर्गत संचालित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों एवं स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं में अपेक्षित उपलब्धि हासिल नहीं करने वाले आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कार्यशैली में सुधार लाने का सख्त निर्देश दिया गया।
बैठक में वर्तमान बाढ़ की स्थिति एवं संभावित महामारी के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों से कहा गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखें तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर अनुमंडल अस्पताल, राजमहल से जागरूकता कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा मानसिक परेशानी से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाने के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न कार्यों एवं निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के आधार पर सरकार द्वारा दिए जाने वाले प्रोत्साहन राशि के भुगतान की भी समीक्षा की गई। सिविल सर्जन ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि जिन कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूर्ण करने के बाद प्रोत्साहन राशि देय है, उसका भुगतान समय पर एवं नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिन पदाधिकारी एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रोत्साहन राशि प्राप्त नहीं हो रही है, वे अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं। अन्यथा उनके विरुद्ध अग्रतर कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि सरकार द्वारा प्रोत्साहन राशि का प्रावधान समाज के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कम उपलब्धि यह दर्शाती है कि संबंधित स्तर पर कार्य में अपेक्षित गंभीरता एवं तत्परता नहीं बरती जा रही है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने, विभागीय योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने तथा आम लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में राजमहल अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, राजमहल प्रखंड डाटा प्रबंधक अमित कश्यप, तौसीफ अहमद, जिला कार्यक्रम समन्वयक सहिया संदीप कुमार, जिला कार्यक्रम समन्वयक राजीव कुमार, आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के अभय कुमार सिंह, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक अमित कुमार, प्रखंड डाटा प्रबंधक नितिन मुर्मू सहित सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सहिया साथी एवं अन्य पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।




