राजमहल प्रखंड में विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक, योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश।
VBGRAMG, आवास, सामाजिक सुरक्षा, पंचायती राज, भूमि राजस्व व निर्वाचन कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ की अध्यक्षता में प्रखंड स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान VBGRAMG, आवास योजना, पंचायती राज, सामाजिक सुरक्षा, भूमि राजस्व, जनगणना एवं निर्वाचन से संबंधित कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा के दौरान VBGRAMG के अंतर्गत लेबर डिमांड, आफ्टर जियो-टैग एवं e-KYC की प्रगति पर विशेष चर्चा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी ग्राम रोजगार सेवकों को इन कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने तथा लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में आवास योजना की भी विस्तृत समीक्षा की गई। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने लंबित आवासों को जल्द से जल्द पूर्ण कराने के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्देश सभी आवास प्रभारियों को दिया। उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन आवासों की लगातार निगरानी करते हुए उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूर्ण कराया जाए तथा पूर्ण आवासों के जियो-टैगिंग कार्य में भी तेजी लाई जाए।
उन्होंने संबंधित कर्मियों को लाभुकों से समन्वय स्थापित कर लंबित आवासों की स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत प्रगति सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक के दौरान SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान के तहत किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी BLO सुपरवाइजर एवं संबंधित BLO द्वारा डिजिटाइजेशन कार्य में समयबद्ध तरीके से शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित करने के लिए विशेष धन्यवाद एवं सराहना व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि समय पर शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन का कार्य पूरा होना टीम भावना और सामूहिक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि निर्वाचन से जुड़े आगामी कार्यों में भी इसी प्रकार आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता है।
बैठक में SIR अभियान के आगामी चरणों को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 5 अगस्त को ड्राफ्ट प्रकाशन, नोटिस एवं सुनवाई से संबंधित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही 15 अगस्त को ग्राम सभा आयोजित करने तथा पात्र नए एवं भावी मतदाताओं को मतदाता सूची से जोड़ने के कार्य को भी प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों से कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यों में पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
बैठक में सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पंचायती राज, भूमि राजस्व, जनगणना सहित अन्य प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों एवं कर्मियों को अपने-अपने दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ने कहा कि सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक समय पर पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागों एवं पंचायत स्तरीय कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है।
बैठक में प्रधान सहायक हरिनंदन भगत, गौतम झा, प्रमोद कुमार, बीपीओ गगन बापू, प्रखंड समन्वयक अभिजीत कुमार, अंचल निरीक्षक प्रवीण कुमार, आवास समन्वयक रवि कांत रवि, कैलाश वर्मा, मो. शाहजहां अंसारी सहित प्रखंड एवं पंचायत स्तर के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।



