80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज: रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह, 14 अगस्त को सांस्कृतिक संध्या, साइकिलिंग व मैराथन होंगे आकर्षण का केंद्र।
10 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास • 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगी रोक • स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान।

पाकुड़।जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को इस वर्ष भी पूरे उत्साह, गरिमा एवं भव्यता के साथ मनाया जाएगा। मुख्य समारोह का आयोजन 15 अगस्त को जिला मुख्यालय स्थित रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में होगा। वहीं 14 अगस्त को रवीन्द्र भवन, पाकुड़ में भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी। इसके अलावा प्रभात फेरी, साइकिलिंग प्रतियोगिता, मैराथन दौड़ तथा देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह के प्रमुख आकर्षण होंगे।
राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव, सम्मान और देशभक्ति का पर्व है। इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करें।
मुख्य समारोह स्थल रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, ध्वजारोहण की तैयारी, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा, सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं निरीक्षण के लिए अधिकारियों को नामित किया गया है।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 अगस्त से प्रतिदिन सुबह 7:00 बजे रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में परेड का पूर्वाभ्यास शुरू होगा। वहीं 13 अगस्त को उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड का अंतिम निरीक्षण करेंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत 13 अगस्त को साइकिलिंग प्रतियोगिता तथा 14 अगस्त को मैराथन दौड़ आयोजित की जाएगी। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।

इसी दिन 14 अगस्त को रवीन्द्र भवन, पाकुड़ में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा, जिसमें स्थानीय कलाकारों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी। वहीं 15 अगस्त को स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों के घर जाकर उन्हें शॉल एवं मिष्ठान्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिले में स्थापित वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई, माल्यार्पण और श्रद्धांजलि कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए 15 अगस्त को सुबह 5:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक शहर में भारी वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
बैठक में मुख्य अतिथि के स्कॉर्ट, आमंत्रण पत्रों के मुद्रण एवं वितरण, नगर की सजावट, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, विधि-व्यवस्था सहित अन्य सभी तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। नगर परिषद को जिला मुख्यालय में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त आवासीय कार्यालय प्रातः 08:05 बजे, रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम (मुख्य समारोह) प्रातः 09:05 बजे, समाहरणालय, पाकुड़ प्रातः 10:00 बजे, जिला परिषद कार्यालय प्रातः 10:25 बजे, अनुमंडल कार्यालय, पाकुड़ प्रातः 11:00 बजे, रेड क्रॉस सोसाइटी प्रातः 11:20 बजे, पुलिस लाइन, पाकुड़ प्रातः 11:30 बजे
राष्ट्रीय गौरव के इस महापर्व को यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा कर भव्य, सुरक्षित और अनुशासित समारोह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।




