विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर जिलेभर में चला व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान।
चुनावी पाठशालाओं एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों के माध्यम से युवाओं को दी गई मतदाता सूची पुनरीक्षण की विस्तृत जानकारी।

पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के अंतर्गत जिलेभर में सोमवार को व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिले के सभी चुनावी पाठशालाओं, +2 विद्यालयों, उच्च विद्यालयों तथा महाविद्यालयों में गठित इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (Electoral Literacy Club) के माध्यम से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में दर्ज न हो।
सभी चुनावी पाठशालाओं एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लबों में नोडल पदाधिकारियों की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान भावी मतदाताओं (Future Voters), युवा मतदाताओं (Young Voters) एवं क्लब के सदस्यों को विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की कार्ययोजना, गणना चरण (Enumeration Phase) की गतिविधियों तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से प्राप्त लीफलेट-1 एवं पोस्टर-1 एवं 2 में अंकित महत्वपूर्ण जानकारियों का वाचन करते हुए प्रतिभागियों को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने, नाम विलोपन तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से 1 अक्टूबर 2026 तक अर्हता प्राप्त करने वाले नए मतदाताओं के पंजीकरण पर बल दिया गया। अधिकारियों ने आवेदन प्राप्त करने एवं सभी पात्र नागरिकों का समयबद्ध नामांकन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों एवं युवाओं से अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिकाधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके।
अभियान के दौरान संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के साथ वालंटियर भी उपस्थित रहे और मतदाता जागरूकता गतिविधियों में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। वहीं, विशेष रूप से पीवीटीजी (PVTG) एवं दूरस्थ क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों का अनुश्रवण संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) द्वारा किया गया। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन की समीक्षा करते हुए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया।

कार्यक्रमों के सफल संचालन एवं प्रभावी अनुश्रवण के लिए प्रखंडवार वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिट्टीपाड़ा प्रखंड में अनुमंडल पदाधिकारी, हिरणपुर प्रखंड में जिला पंचायत राज पदाधिकारी तथा आमड़ापाड़ा प्रखंड में परियोजना निदेशक, आईटीडीए ने कार्यक्रमों का निरीक्षण किया।
इसी प्रकार पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पाकुड़ प्रखंड में अपर समाहर्ता तथा नगर परिषद क्षेत्र में उप निर्वाचन पदाधिकारी की निगरानी में कार्यक्रम आयोजित किए गए। वहीं महेशपुर विधानसभा क्षेत्र के महेशपुर प्रखंड में उप विकास आयुक्त तथा पाकुड़िया प्रखंड में भूमि सुधार उप समाहर्ता के मार्गदर्शन एवं निगरानी में कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन एवं अनुश्रवण किया गया।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान के पात्र बनने वाले युवाओं से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। नागरिकों से समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने, आवश्यक संशोधन कराने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।

प्रशासन ने कहा कि “शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं सशक्त लोकतंत्र की सबसे मजबूत आधारशिला है।” प्रत्येक पात्र नागरिक की सक्रिय भागीदारी से ही विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 का उद्देश्य सफल होगा और लोकतांत्रिक व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं पारदर्शी बनेगी।



