साहिबगंज में सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त।
स्कूलों के पास बड़े वाहनों पर रोक, ब्लाइंड स्पॉट पर लगेंगे कॉन्वेक्स मिरर और स्पीड ब्रेकर।

साहिबगंज। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की गंभीरता से समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जानकारी दी गई कि संत जेवियर स्कूल के समीप नो-एंट्री जोन घोषित होने के बावजूद ट्रैक्टर एवं अन्य मालवाहक वाहनों का आवागमन लगातार जारी है। विद्यालय खुलने एवं छुट्टी के समय इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने सुबह 5:00 बजे से बड़े वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगाने का निर्देश दिया। इसके साथ ही विद्यालयों के आसपास जाम एवं दुर्घटना की संभावना वाले क्षेत्रों में पुलिस बल, होमगार्ड एवं चौकीदारों की तत्काल प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का आदेश दिया गया।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बरहरवा द्वारा बोरना पहाड़ मार्ग एवं बरहेट थाना के समीप ब्लाइंड स्पॉट वाले क्षेत्रों में दुर्घटना की संभावना की जानकारी दी गई।
इस पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग को निर्देश दिया कि इन संवेदनशील स्थलों पर शीघ्र कॉन्वेक्स मिरर एवं रंबल स्ट्रिप स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं।

इसके अतिरिक्त महाराजपुर से तालझारी सड़क मार्ग पर कैट आई रिफ्लेक्टर, रोड मार्किंग एवं साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
बैठक के दौरान हिट एंड रन मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जानकारी दी गई कि वर्ष 2025 में कुल 35 मामलों में से 30 मामलों में मृतकों के आश्रितों को मुआवजा राशि का भुगतान किया जा चुका है, जबकि 05 मामले भुगतान हेतु जीआईसी स्तर पर लंबित हैं।
वहीं वर्ष 2026 में अब तक 07 हिट एंड रन दुर्घटनाएं हुई हैं और सभी मामले थाना स्तर पर लंबित हैं।
इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को समय पर मुआवजा दिलाने हेतु हिट एंड रन से संबंधित आवेदन शीघ्र विभाग को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
आगामी मानसून को देखते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क किनारे स्थित सूखे एवं जर्जर पेड़ों की सूचना वन विभाग को तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते उन्हें हटाकर दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग,उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नु कुमार मिश्रा, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी, सदर एसडीपीओ विजय कुस्वाहा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।



