अवैध उत्खनन और परिवहन पर होगी सख्त कार्रवाई, उपायुक्त दीपक कुमार दुबे।
जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक में दिए कड़े निर्देश, अनाधिकृत चिमनी भट्टों पर भी चलेगा अभियान।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में अवैध उत्खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने पिछले बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को हर प्रकार के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि साहिबगंज जिले में संचालित सभी अनाधिकृत चिमनी भट्टों को अविलंब नोटिस निर्गत किया जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक क्लीयरेंस प्राप्त नहीं करने की स्थिति में नियमानुसार उन्हें ध्वस्त (Demolish) किया जाए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चिमनी भट्टों में उपयोग होने वाली मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही जिले में ईंट, बालू, पत्थर एवं मिट्टी का परिवहन करने वाले वाहनों की जिला एवं अनुमंडल स्तरीय खनन टास्क फोर्स के सदस्यों द्वारा नियमित जांच की जाए।

उन्होंने जिले में संचालित सभी खनन नाकों के नियमित पर्यवेक्षण एवं निगरानी का भी निर्देश दिया। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार के अवैध उत्खनन अथवा परिवहन की शिकायत प्राप्त होते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि पत्थर, बालू एवं मिट्टी परिवहन करने वाले वाहनों की वैधता एवं चालान की नियमित जांच की जाए। जांच के दौरान यह सुनिश्चित किया जाए कि खनिज पूरी तरह ढका हुआ हो, वाहन मॉडिफाई अथवा अल्टर तो नहीं किया गया हो तथा निर्धारित क्षमता के अनुरूप ही खनिजों का परिवहन किया जा रहा हो।उपायुक्त ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का भी निर्देश दिया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अपर समाहर्ता गौतम कुमार भगत, अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नु कुमार मिश्रा, सदर एसडीपीओ विजय कुस्वाहा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।


