राजमहल प्रखंड में पंचायत सहायकों की अहम बैठक, मनरेगा आवास और जनगणना कार्यों पर दिया गया विशेष जोर।
मानव दिवस सृजन बढ़ाने, लंबित आवास पूर्ण कराने और HLB गठन को लेकर अधिकारियों के सख्त निर्देश।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल प्रखंड कार्यालय सभागार में प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में पंचायत सहायकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से मनरेगा के तहत संचालित आवास योजना तथा आगामी जनगणना कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान मनरेगा आवास योजना में अधिक से अधिक मानव दिवस (मैनडे) सृजन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। पंचायत सहायकों को निर्देशित किया गया कि वे पंचायत सचिव के माध्यम से नियमित रूप से कार्यों की मांग (डिमांड) प्रस्तुत करें, ताकि योजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
वहीं, जनगणना कार्यों को लेकर प्रभारी सांख्यिकी पदाधिकारी मो. शम्स आजम ने पंचायत सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी पंचायत सहायकों को हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (HLB) का गठन करने तथा पर्यवेक्षक के नेतृत्व में नजरी नक्शा तैयार कर उसे प्रखंड कार्यालय में जमा करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा, जिन लाभुकों के आवास निर्माण कार्य अभी तक अधूरे हैं, उन्हें शीघ्र पूर्ण कराने के लिए पंचायत सहायकों को प्रतिदिन लाभुकों से संपर्क कर कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में बीपीओ श्वेता, गगन बापू, कनीय अभियंता मो. एहसानुल जमील, भैया बेसरा, कुलदीप कुमार रजक, आवास समन्वयक रविकांत रवि, शाहजहां अंसारी, कैलाश वर्मा, नसीम, तारकेश्वर कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।




