जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा 2025 को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट, 19 अप्रैल को 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा।
उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त समीक्षा बैठक, 5700 परीक्षार्थियों के लिए कड़ी सुरक्षा व पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित।

पाकुड़। आगामी 19 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा जेपीएससी 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की।
बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं परीक्षा केंद्राधीक्षकों को उनके दायित्वों से अवगत कराते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 5700 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का आयोजन दो पालियों में किया जाएगा प्रथम पाली: सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक द्वितीय पाली: दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी माहौल में कराई जाएगी। इसके लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त बेंच-डेस्क, पेयजल, शौचालय एवं बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।प्रवेश द्वार पर सिटिंग अरेंजमेंट चार्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित होगा।प्रत्येक परीक्षा केंद्र की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।उड़नदस्ता टीम द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किया जाएगा।
परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन के समीप हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर परीक्षार्थियों को उनके परीक्षा केंद्र से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, टैबलेट, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूर्णतः प्रतिबंधित रहेंगे।ऐसे उपकरण पाए जाने पर संबंधित अभ्यर्थी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सभी परीक्षा केंद्रों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।केंद्राधीक्षकों एवं वीक्षकों (इनविजिलेटरों) को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पूर्व केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षा के दिन जिला स्तर पर कंट्रोल रूम पूरी तरह सक्रिय रहेगा, जहां से सभी गतिविधियों की निगरानी की जाएगी। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रश्नपत्र समय पर सभी केंद्रों तक पहुंचे और परीक्षा संचालन के दौरान अनुशासन व सतर्कता बनी रहे। सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी गंभीरता के साथ करें।
उपायुक्त ने कहा कि जेपीएससी परीक्षा राज्य की एक महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षा है, इसलिए इसे स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




