Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

नगर परिषद की योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न, उपायुक्त ने दिए कड़े और महत्वपूर्ण निर्देश।

जल आपूर्ति, नाला सफाई, सड़क मरम्मत और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने पर जोर, बरसात से पहले तैयारी तेज करने के निर्देश।

पाकुड़। समाहरणालय में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में नगर परिषद द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा आम नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई और कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।

उपायुक्त ने शहर में स्थापित सभी वाटर एटीएम को शीघ्र मरम्मत कर पुनः सुचारू रूप से चालू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आमजन को स्वच्छ पेयजल की सुविधा निर्बाध रूप से मिलनी चाहिए, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने शहर के सभी नालों की समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जल जमाव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए पूर्व तैयारी अनिवार्य है। साथ ही सभी वार्डों की सड़कों की मरम्मत जल्द कराने का निर्देश दिया गया, ताकि वर्षा के दौरान आवागमन बाधित न हो और जल निकासी सुचारू बनी रहे।

जहां भी जल जमाव की स्थिति उत्पन्न होती है, वहां तत्काल प्रभाव से सक्षम पंप की सहायता से पानी निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त कचरा संग्रहण प्लांट के नियमित एवं व्यवस्थित संचालन पर भी जोर देते हुए स्वच्छता व्यवस्था को दुरुस्त रखने की बात कही गई।

उपायुक्त ने शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों के नियमित संचालन की समीक्षा करते हुए खराब लाइटों को अविलंब ठीक कराने का निर्देश दिया, ताकि रात्रि में भी शहर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनी रहे और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पीएचईडी विभाग को निर्देशित किया गया कि लंबित जलापूर्ति योजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर हर घर तक जल कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।

बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि इसका सीधा लाभ आम जनता तक पहुंचे और शहर का समग्र विकास संभव हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!