ग्रामीण आवास योजनाओं के उत्कृष्ट क्रियान्वयन में पाकुड़ को राज्य स्तरीय सम्मान।
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल को प्रदान किया प्रशस्ति पत्र, उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने पूरी टीम को दी बधाई।

पाकुड़। ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पाकुड़ जिले ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ग्रामीण आवास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर निगरानी एवं पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में उत्कृष्ट कार्य के लिए जिले को राज्य स्तर पर सम्मानित किया गया है।
झारखंड स्थापना दिवस के गौरवपूर्ण अवसर पर 28 नवंबर 2026 को रांची के खेलगांव में आयोजित झारखंड स्थापना दिवस मेला-सह-प्रदर्शनी समारोह में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पाकुड़ के उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। ग्रामीण विकास विभाग, झारखंड सरकार की ओर से दिया गया यह सम्मान जिले में ग्रामीण आवास योजनाओं के सफल संचालन और बेहतर कार्यप्रणाली का परिणाम है।
इस उपलब्धि के पीछे जिला एवं प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय, नियमित निगरानी तथा योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए किए गए सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने उप विकास आयुक्त, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, जिला एवं प्रखंड समन्वयकों, पंचायत सचिवों, मुखियाओं सहित ग्रामीण आवास योजनाओं के क्रियान्वयन में जुटे सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त ने कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरी टीम की मेहनत, निष्ठा, समर्पण और सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों को आवास योजनाओं से जोड़कर उन्हें पक्के मकान का लाभ दिलाने में सभी की भूमिका सराहनीय रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर मिला यह सम्मान जिले के लिए गौरव की बात है। साथ ही यह भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से इसी टीम भावना, पारदर्शिता और कार्यनिष्ठा के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सके।




