वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाएं किसान : उपायुक्त।
जिला स्तरीय रबी कर्मशाला-सह-खेत बचाओ अभियान आयोजित, लगभग 300 किसानों ने लिया भाग; उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीक, बागवानी एवं मत्स्य पालन की दी गई जानकारी।

साहिबगंज।सिद्धो-कान्हू सभागार, साहिबगंज में जिला स्तरीय रबी कार्यशाला-सह-खेत बचाओ अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अतिथियों का अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिक उत्पादन देने वाली फसलों तथा उन्नत किस्म की सब्जियों की खेती पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक कृषि तकनीक और बेहतर फसल प्रबंधन के माध्यम से किसान उत्पादन के साथ अपनी आमदनी भी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने किसानों से साहिबगंज जिले में उन्नत कृषि को बढ़ावा देकर कृषि के क्षेत्र में जिले की विशिष्ट पहचान स्थापित करने की अपील की।

इस दौरान कृषि विज्ञान केंद्र, साहिबगंज के वरीय वैज्ञानिक डॉ. संजीव कुमार ने किसानों को मिट्टी जांच के महत्व, वैज्ञानिक तरीके से फसल उत्पादन, फसलों में लगने वाले रोगों की पहचान तथा उनके उचित उपचार की विस्तृत जानकारी दी। वहीं, जिला कृषि पदाधिकारी वरुण कुमार ने कृषि विभाग एवं आत्मा द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए हाइब्रिड एवं प्रमाणित बीजों के वितरण की व्यवस्था से अवगत कराया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
भूमि संरक्षण पदाधिकारी राहुल गुप्ता ने भूमि संरक्षण विभाग की योजनाओं तथा SMAM योजना के तहत अनुदान पर उपलब्ध कृषि यंत्रों की जानकारी दी। जिला उद्यान पदाधिकारी ने नकदी फसलों एवं बागवानी के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने के उपाय बताए, जबकि जिला मत्स्य पदाधिकारी ने मत्स्य विभाग की योजनाओं की जानकारी देते हुए मछली पालन को अतिरिक्त आय का बेहतर साधन बताया।
कार्यशाला में कृषि के साथ पशुपालन, बागवानी एवं मत्स्य पालन जैसी गतिविधियों को अपनाकर किसानों की आजीविका मजबूत करने पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों ने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने तथा पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीकों को जोड़कर कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की अपील की।

कार्यक्रम में कृषि विज्ञान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक-सह-प्रधान, जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला कृषि अभियंता, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस, उप परियोजना निदेशक आत्मा, विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान मित्र सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 300 किसान उपस्थित रहे।




