राजमहल प्रखंड कार्यालय में पंचायत समिति की अहम बैठक।
15वें वित्त आयोग की राशि के सदुपयोग, नई विकास योजनाओं की स्वीकृति और ग्रामीण सुविधाओं के विस्तार पर बनी रणनीति।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड कार्यालय में बुधवार को प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी उरांव की अध्यक्षता में पंचायत समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रूप से 15वें वित्त आयोग की राशि के सदुपयोग, ग्रामीण विकास योजनाओं के चयन तथा गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित पंचायत समिति सदस्यों ने सर्वसम्मति से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़ी कई नई योजनाओं को मंजूरी प्रदान की। सदस्यों ने कहा कि स्वीकृत योजनाओं का उद्देश्य गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है, ताकि ग्रामीणों को सीधे तौर पर विकास का लाभ मिल सके।

बैठक के दौरान प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी उरांव एवं बीडीओ मो यूसुफ ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि चयनित सभी योजनाओं का कार्य पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रारंभ कराया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में पंचायत समिति सदस्यों और अधिकारियों ने ग्रामीण विकास को गति देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। पंचायत प्रतिनिधियों ने उम्मीद व्यक्त की कि स्वीकृत योजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।




