मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने राजमहल और पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर कार्यों का किया निरीक्षण।
पश्चिम बंगाल में दस्तावेज निर्माण के लिए आवेदन करने वाले आवेदक संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को आवेदन की पावती उपलब्ध कराएं : के. रवि कुमार।

साहिबगंज, पाकुड़। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने संथाल परगना दौरे के दूसरे दिन साहिबगंज जिले के राजमहल एवं पाकुड़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में चल रहे एसआईआर कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न मतदान केंद्रों से संबंधित सुनवाई के दस्तावेजों एवं अभिलेखों की जांच की तथा संबंधित अधिकारियों से पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी स्तर पर एसआईआर कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही की जाएगी। इसके तहत संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल संबंधित मतदाताओं को दो बार नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद सुनवाई, घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन तथा सभी तथ्यों की जांच करने के उपरांत कारण सहित अंतिम आदेश पारित करना अनिवार्य होगा।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं, ताकि कोई भी पात्र युवा मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने पाया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची में शामिल कुछ मतदाताओं द्वारा अब तक संबंधित दस्तावेज जमा नहीं किए गए हैं। इस पर उन्होंने कहा कि सभी पात्र भारतीय नागरिकों को सक्षम पदाधिकारी के माध्यम से नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल से आकर इस क्षेत्र में रह रहे लोगों के संबंध में कहा कि जिन आवेदकों को एसआईआर प्रक्रिया के तहत निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी की ओर से नोटिस प्राप्त हुआ है और जिनके दस्तावेज पश्चिम बंगाल में निर्माणाधीन अथवा लंबित हैं, वे दस्तावेज बनवाने के लिए किए गए आवेदन की पावती अपने वर्तमान विधानसभा क्षेत्र के संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के समक्ष अवश्य उपलब्ध कराएं।

के. रवि कुमार ने कहा कि आवेदन की पावती उपलब्ध होने से पश्चिम बंगाल राज्य के संबंधित पदाधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवेदकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ सुपरवाइजर सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।




