बेटियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को लेकर जामनगर विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
माहवारी स्वच्छता, बाल अधिकार, आत्मरक्षा एवं नशा मुक्ति की दी गई जानकारी, छात्राओं के बीच वितरित किए गए सेनेटरी पैड।

राजमहल साहिबगंज। बेटियों को सुरक्षित, शिक्षित, स्वस्थ एवं आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत राजमहल प्रखंड स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय, जामनगर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान संरक्षण पदाधिकारी चंदा कुमारी ने छात्राओं को गुड टच-बैड टच, बाल विवाह, बाल श्रम, यौन शोषण से बचाव, पॉक्सो एक्ट (POCSO) एवं किशोर न्याय अधिनियम की जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराते हुए बालिकाओं को आत्मरक्षा, आत्मनिर्भरता अपनाने तथा नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।

वहीं, माहवारी स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर विशेष जोर देते हुए छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता प्रबंधन की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बिना किसी झिझक के स्वच्छता संबंधी सावधानियां अपनाने और अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर छात्राओं के बीच सेनेटरी पैड का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के तहत ‘एक पौधा बेटी के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। इसके माध्यम से बेटियों के सम्मान, संरक्षण एवं उनके उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (C3) मोहम्मद खालिद एवं मंथन संस्था की अंशु मालाकार का सराहनीय योगदान रहा। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।




