बाल दिवस पर बाल पर्यवेक्षण गृह, विद्यालयों एवं पंचायतों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
बच्चों को उनके अधिकारों, बाल संरक्षण कानून, बाल विवाह, बाल श्रम एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रति किया गया जागरूक, निःशुल्क कानूनी सहायता की भी दी गई जानकारी।

साहिबगंज। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज सुभाष के मार्गदर्शन में बाल दिवस के अवसर पर जिले के बाल पर्यवेक्षण गृह, विभिन्न विद्यालयों एवं पंचायतों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान लीगल एड डिफेंस काउंसिल के सदस्यों एवं पारा विधिक स्वयंसेवकों ने बच्चों को उनके मौलिक एवं कानूनी अधिकारों, शिक्षा के महत्व तथा बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों की जानकारी दी। इस दौरान बाल विवाह, बाल श्रम, बाल शोषण एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों के बारे में विस्तार से बताया गया। साथ ही किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में कानूनी सहायता प्राप्त करने और शिकायत दर्ज कराने के तरीकों से भी बच्चों को अवगत कराया गया।
बाल पर्यवेक्षण गृह में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, पुनर्वास तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। वहीं, विद्यालयों एवं पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों के सुरक्षित भविष्य, सर्वांगीण विकास और बाल अधिकारों के संरक्षण में अभिभावकों एवं समाज की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा कि बाल दिवस बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा एवं उज्ज्वल भविष्य के प्रति समाज को जागरूक करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी देना और उन्हें सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से बच्चों को कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।




