झारखंड

दीपावली पर रंगों और रचनात्मकता से सजा राजमहल, रंगोली एवं घरौंदा प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा।

एकता कला केंद्र एवं वैदिक अभय फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से सिंधी दलान सूर्य देव मंदिर घाट परिसर में हुआ आयोजन, पारंपरिक कला और संस्कृति के संरक्षण का दिया संदेश।

राजमहल साहिबगंज। दीपावली के पावन अवसर पर भारतीय कला, संस्कृति और पारंपरिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एकता कला केंद्र, राजमहल द्वारा वैदिक अभय फाउंडेशन के सहयोग से सिंधी दलान सूर्य देव मंदिर घाट परिसर में रंगोली एवं घरौंदा सजावट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान बच्चों ने रंग-बिरंगे रंगों से आकर्षक रंगोलियां बनाईं तथा मिट्टी और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से सुंदर घरौंदे तैयार किए। बच्चों की कलाकृतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरा परिसर दीपावली के उल्लास, रंगों और रचनात्मकता से सराबोर नजर आया। आयोजन के माध्यम से बच्चों को भारतीय परंपराओं और लोककला से जोड़ने का संदेश दिया गया।

रंगोली प्रतियोगिता को दो समूहों में आयोजित किया गया। ग्रुप-ए में रिया कुमारी ने प्रथम, वैष्णवी आले ने द्वितीय तथा श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं ग्रुप-बी में खुशी कुमारी प्रथम, आशा वीरा द्वितीय तथा सान्वी राय तृतीय स्थान पर रहीं।

घरौंदा सजावट प्रतियोगिता में भी बच्चों ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। ग्रुप-ए में बानी के समूह ने प्रथम, पूर्वा के समूह ने द्वितीय तथा श्रेयांश साहा के समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जबकि ग्रुप-बी में मनीष के समूह ने प्रथम, सुदीप्त अग्रवाल के समूह ने द्वितीय तथा जानवी के समूह ने तृतीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर एकता कला केंद्र की संचालिका एकता राय ने कहा कि रंगोली भारतीय संस्कृति में शुभता, मंगल और सकारात्मकता का प्रतीक है। वहीं दीपावली पर घरौंदा बनाने की परंपरा हमारी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी हुई है। मिट्टी से घरौंदा बनाना सुख-समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना का प्रतीक माना जाता है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और पारंपरिक कलाओं से परिचित कराना बेहद जरूरी है। इस तरह की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के साथ-साथ उनके अंदर छिपी रचनात्मक क्षमता को निखारना और भारतीय कला-संस्कृति के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि एवं निर्णायक के रूप में उपस्थित भूदेव कुमार ने बच्चों की कलाकृतियों का मूल्यांकन किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में कला के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ आत्मविश्वास विकसित करने में सहायक होते हैं। उन्होंने घरौंदा बनाने की परंपरा को पुनर्जीवित करने के लिए एकता कला केंद्र की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन निरंतर होने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझें और उसे आगे बढ़ाएं।

कार्यक्रम को सफल बनाने में अमिता चक्रवर्ती, मृत्युंजय राय, पापड़ी, अरविंद साहा, अमित साहा, जयंती राय, गुरु प्रसाद महतो, इंदु देवी, निमाई, दिशा कुमारी, कामना राय, रौनक कुमार यादव सहित वैदिक अभय फाउंडेशन के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। अन्य प्रतिभागियों का भी उत्साहवर्धन किया गया।

इस आयोजन ने दीपावली के उत्सव को कला, संस्कृति और रचनात्मकता से जोड़ते हुए पारंपरिक लोक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने एकता कला केंद्र एवं वैदिक अभय फाउंडेशन की इस पहल की सराहना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!