झारखंड

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर भाजपा का हल्लाबोल, जिले के सभी 17 मंडलों में मुख्यमंत्री का पुतला दहन।

गम्हरिया थाना परिसर की घटना को लेकर हेमंत सरकार पर साधा निशाना, भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल।

साहिबगंज। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में न्याय की गुहार लेकर पहुंची एक महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। घटना के विरोध में भाजपा साहिबगंज जिला के तत्वावधान में जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव के नेतृत्व में जिले के सभी 17 सांगठनिक मंडलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया।

इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों को फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कठोर सजा दिलाने की मांग की।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव ने कहा कि झारखंड में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। जिस थाने में महिलाओं को सुरक्षा और न्याय मिलना चाहिए, उसी थाना परिसर में इस तरह की घटना सामने आना पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि राज्य की महिलाएं और बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

उन्होंने झारखंड राज्य महिला आयोग का अब तक गठन नहीं होने पर भी सरकार को घेरा। कहा कि महिला आयोग महिलाओं की शिकायतों की सुनवाई और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण संस्थागत मंच है, लेकिन वर्षों से इसका गठन नहीं होना सरकार की महिला सुरक्षा के प्रति गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है। भाजपा इस अन्याय के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह ने कहा कि सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच कराकर पीड़िता को सुरक्षा एवं न्याय उपलब्ध कराना चाहिए। साथ ही पुलिस प्रशासन की जवाबदेही तय करते हुए महिला आयोग का अविलंब गठन किया जाना चाहिए, ताकि महिलाओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी मंच मिल सके।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की अस्मिता, सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने सरकार से महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने और राज्य में कानून का राज स्थापित करने की मांग की।

साहिबगंज मुख्यालय में नगर अध्यक्ष विनोद चौधरी एवं अनुराग राहुल के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रामानंद साह, जिला उपाध्यक्ष गरिमा साह, जिला मंत्री चांदनी देवी, युवा नेता प्रेमलाल मंडल, राजीव चौधरी, अनंत सिन्हा, विक्रम दास, संतोष चौधरी, अमरनाथ चौधरी, पंकज चौधरी, अवधेश यादव, अर्धेंदु बोस, मनोज चौधरी, रंजीत सिंह, मुकेश राज, विकास सिंह, अमरनाथ मिश्रा, अरबिंद सिन्हा, दिनेश पांडेय, शुभम चौरसिया, श्वेता श्रीवास्तव, संगीता सिन्हा, अन्नू कुमारी और स्मिता गुप्ता सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिले के सभी 17 सांगठनिक मंडलों में हुए प्रदर्शन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा, महिला आयोग के गठन और राज्य में कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!