ईवीएम वेयर हाउस का उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया निरीक्षण।
सुरक्षा, रखरखाव एवं सीसीटीवी समेत विभिन्न व्यवस्थाओं की ली जानकारी, निर्धारित मानकों के अनुपालन का दिया निर्देश।

पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने सोमवार को ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, रखरखाव तथा वहां उपलब्ध तकनीकी उपकरणों की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने वेयर हाउस में सुरक्षित रखी गई ईवीएम मशीनों, सीसीटीवी कैमरों एवं अन्य तकनीकी उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली तथा वहां तैनात कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। साथ ही ईवीएम एवं अन्य निर्वाचन सामग्री की निगरानी और रखरखाव व्यवस्था की भी समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित कर्मियों को वेयर हाउस की सुरक्षा एवं रखरखाव व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील उपकरणों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। नियमित निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
उल्लेखनीय है कि निर्वाचन आयोग के निर्धारित प्रावधानों के तहत ईवीएम वेयर हाउस का प्रत्येक माह बाहरी स्तर से तथा प्रत्येक तीन माह में आंतरिक स्तर से निरीक्षण किया जाता है। निरीक्षण के दौरान वेयर हाउस की सुरक्षा, रखरखाव, ईवीएम की स्थिति और तकनीकी उपकरणों की कार्यशीलता समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है। निरीक्षण के बाद संबंधित प्रतिवेदन मंत्रिमंडल निर्वाचन विभाग, रांची को भेजा जाता है।
इसी क्रम में उपायुक्त ने निर्वाचन कार्यालय के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने तथा निरीक्षण प्रतिवेदन समय पर तैयार कर संबंधित विभाग को भेजने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि, निर्वाचन कार्यालय के कर्मी तथा संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।




