भाजपा साहिबगंज नगर इकाई ने मनाई लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती।
प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि, राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता बनाए रखने का लिया संकल्प।

साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी की साहिबगंज नगर इकाई के तत्वावधान में नगर अध्यक्ष बिनोद कुमार चौधरी के नेतृत्व में भारत रत्न एवं लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर साहिबगंज स्थित सरदार पटेल चौक पर स्थापित उनकी प्रतिमा पर भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव उपस्थित रहे। उन्होंने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और कुशल नेतृत्व के बल पर स्वतंत्रता के बाद देश की सैकड़ों रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। देश को एक सूत्र में पिरोने का उनका योगदान सदैव भारतीय इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।
उन्होंने कहा कि सरदार पटेल केवल स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानी ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत के मजबूत आधार स्तंभ भी थे। राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति उनका समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। हम सभी को उनके विचारों एवं आदर्शों को अपने जीवन में अपनाकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने में योगदान देना चाहिए।
वहीं, नगर अध्यक्ष बिनोद कुमार चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है। देश की एकता के लिए उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्य आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करते रहेंगे। उनकी जयंती हमें राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संदेश देती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सरदार पटेल को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक समरसता और देश की प्रगति के लिए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजयुमो जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र मंडल, जिला मंत्री चांदनी देवी, अनंत सिन्हा, संजय पटेल, श्वेता श्रीवास्तव, अर्धेन्दु बोस, प्रकाश पंडित, गौतम पंडित, अरविंद सिन्हा, शुभम, मुकेश राज, मनोज चौधरी, सिंधु पांडेय, अनुज, स्मिता गुप्ता सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं युवा साथी उपस्थित रहे।




