विश्व हृदय दिवस पर संध्या महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम।
संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का दिया संदेश।

साहिबगंज। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य विभाग, साहिबगंज की ओर से मंगलवार को संध्या महाविद्यालय में हृदय स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को हृदय संबंधी बीमारियों के कारणों, जोखिम कारकों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. किरणमाला, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्रोफेसरों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हृदय रोगों के प्रमुख कारणों, जोखिम कारकों तथा बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई। चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने विद्यार्थियों को नियमित शारीरिक गतिविधि, संतुलित खान-पान और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से हृदय को स्वस्थ रखने के उपायों की जानकारी दी।
जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. किरणमाला ने संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ आदतों को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वास्थ्य को बेहतर रखा जा सकता है।
कार्यक्रम के अंत में सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने विद्यार्थियों से तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ हृदय के लिए अनुशासित जीवनशैली, पौष्टिक एवं संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं स्वस्थ रहने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ हृदय स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर संवाद भी किया। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक रवि शंकर प्रसाद, जिला कार्यक्रम सहायक पंकज पीटर सोरेन, सोशल वर्कर राजीव कुमार पॉल सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी, महाविद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



