झारखंड

अवैध खनिज परिवहन पर प्रशासन सख्त, देर रात चार चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण।

अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में चेंगाडांगा, पत्थरघट्टा, प्यादापुर और चांदपुर चेकपोस्ट की हुई सघन जांच; वाहनों व दस्तावेजों की जांच कर कर्मियों को सतर्कता बरतने के निर्देश।

पाकुड़। अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार देर रात अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में पाकुड़ अंचल क्षेत्र के विभिन्न चेकपोस्टों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान चेंगाडांगा, पत्थरघट्टा, प्यादापुर एवं चांदपुर चेकपोस्ट की सघन जांच की गई।

औचक निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने चेकपोस्ट से होकर गुजरने वाले खनिज परिवहन से संबंधित वाहनों की जांच की। वाहनों के आवश्यक दस्तावेज, चालान तथा खनिज परिवहन से जुड़े निर्धारित नियमों के अनुपालन की स्थिति का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि खनिजों का परिवहन निर्धारित नियमों एवं वैध दस्तावेजों के आधार पर ही किया जाए।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, खनन निरीक्षक सहित पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चेकपोस्टों पर तैनात कर्मियों को पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी वाहन के संबंध में संदिग्ध गतिविधि अथवा अवैध खनिज परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही चेकपोस्टों पर नियमित निगरानी बनाए रखने और जांच प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया।

जिला प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि अवैध खनन, अवैध खनिज परिवहन एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध जांच और कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं संबंधित वाहनों के विरुद्ध प्रचलित नियमों के तहत आवश्यक एवं सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

प्रशासन के इस औचक निरीक्षण से खनिज परिवहन से जुड़े क्षेत्रों में निगरानी व्यवस्था और अधिक सख्त होने के संकेत मिले हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!